रीवा:उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कालेज चौराहा के समीप नवनिर्मित एसडीएम हुजूर कार्यालय भवन का लोकार्पण किया. उप मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना करके इसका लोकार्पण किया.इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हमें कार्य करने के लिए अच्छा भवन और उचित सुविधाएं मिलती हैं तो हमें पूरी कार्यक्षमता से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है. नवनिर्मित एसडीएम कार्यालय भवन संभवत: प्रदेश में सबसे सुसज्जित एसडीएम कार्यालय है.
रीवा के कलेक्ट्रेट और नवीन न्यायालय भवन को भी सबसे अनूठा बताया गया है. अब नए भवन में पटवारियों को बैठने के लिए उचित स्थान मिल रहा है. आमजनता को सरलता से पटवारी मिल जाएंगे. व्यवस्थित मीटिंग हाल में योजनाओं की प्रभावी समीक्षा होगी. रीवा को हर क्षेत्र की तरह राजस्व क्षेत्र में भी अव्वल बनाना है. इसमें एसडीएम कार्यालय हुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री रीवा के सतत विकास के लिए प्रयासरत हैं. एसडीएम हुजूर वैशाली जैन ने कार्यक्रम में कहा कि नवीन भवन में आमजनता के लिए मीटिंग रूम, पटवारियों के लिए कक्ष तथा डिजिटल नकल की भी सुविधा दी जा रही है. शासन के निर्देशों के अनुसार यहाँ एक अगस्त से चार राजस्व अधिकारी दिनभर केवल राजस्व प्रकरणों की सुनवाई करेंगे. कार्यक्रम में पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, राजेश पाण्डेय, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला मौजूद रहे.
