इंदौर: तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक फाइनेंस ऑफिस में युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक निजी फाइनेंस कंपनी से जुड़े रिकवरी एजेंटों ने सीज की गई बाइक लौटाने के बहाने युवक को ऑफिस बुलाया और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद के बाद जानलेवा हमला कर दिया. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, मामले में पुलिस जांच कर रही है.
पीड़ित मुजफ्फर पुत्र अकरम खान निवासी सीआरपी लाइन ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम आकाश वर्मा नामक युवक ने कॉल कर कहा कि उसकी जब्त बाइक एमपी 09 डीके 5286 उसे वापस मिल सकती है, लेकिन इसके बदले 28 हजार रुपए देने होंगे. इस पर मुजफ्फर ने कुछ रकम ऑनलाइन और कुछ नकद में चुकाई. बाद में वह अपने दोस्त हर्ष गोयल के साथ न्यू पलासिया स्थित वेस्टर्न कॉर्पोरेट बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित फाइनेंस ऑफिस पहुंचा.
यहां पहले से मौजूद आकाश वर्मा, मोइन खान और एक अन्य साथी ने बाइक देने से पहले फिर 8 हजार रुपए और मांगे. बात बिगड़ने पर जब मुजफ्फर के दोस्त हर्ष चाबी लेने ऑफिस के अंदर गया, तभी तीनों ने मिलकर मुजफ्फर को पकड़ लिया और उसके सीने व पैर पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल मुजफ्फर को दोस्त ने एमवाय अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
