जबलपुर: यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड के निर्देश पर सोमवार को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर व्यापक पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान चलाया गया। प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक, पश्चिम मध्य रेलवे एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित के निर्देशन में स्वास्थ्य और इंजीनियरिंग विभाग की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में उपलब्ध पेयजल सुविधाओं का निरीक्षण किया और गुणवत्ता की जांच की।
अभियान के दौरान स्टेशन के विभिन्न वाटर कूलर एवं वाटर स्टैंड से पेयजल के नमूने लेकर आवश्यक गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे गए। वहीं मौके पर पानी में अवशिष्ट क्लोरीन और टीडीएस की भी जांच की गई। संयुक्त टीम ने स्टेशन स्थित फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर पानी के शुद्धिकरण, फिल्ट्रेशन एवं आपूर्ति व्यवस्था की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इसके साथ ही पेयजल स्रोतों, उपकरणों की स्वच्छता और रखरखाव की स्थिति भी परखी गई।
सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो
रेल प्रशासन ने यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि स्टेशनों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण और गुणवत्ता जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य पेयजल व्यवस्था में किसी भी तरह की कमी को समय रहते चिन्हित कर दूर करना और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है।
