
भैरूंदा। गत दिवस भादाकुई के पास तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कई बार पलट गई. यह पूरी भयानक घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. हादसे में एक युवती की मौके पर मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
जानकारी के अनुसार टवेरा में सवार सभी लोग खंडवा के निवासी थे और किसी कार्य से नरसिंहपुर की ओर जा रहे थे. जैसे ही उनका वाहन भादाकुई के पास पहुंचा, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. सामने आए सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि रफ्तार तेज होने के कारण टवेरा कार अचानक सड़क से नीचे उतरी और हवा में कई फीट ऊपर उछलते हुए ताश के पत्तों की तरह कई बार पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे.
हादसा इतना भीषण था कि चीख-पुकार मच गई.आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत वाहन से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे में जान गंवाने वाली युवती के शव को पीएम कराने के बाद परिजनों को सौंपते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
