
छतरपुर। छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना अंतर्गत ग्राम ढीलापुर में शनिवार सुबह एक जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 70 वर्षीय रामकिशन अहिरवार की कथित रूप से मारपीट में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गंगाराम अहिरवार और गोविंदी अहिरवार पर हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक के बेटे अनंतराम ने बताया कि सुबह 7:30 बजे रामकिशन अहिरवार शौच के लिए खेत जा रहे थे, तभी घर के सामने की जमीन को लेकर पहले से चल रहे विवाद में गंगाराम और गोविंदी ने उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। अनंतराम जब मौके पर पहुंचे, तब तक पिता को गंभीर चोट पहुंचाकर आरोपी फरार हो चुके थे।
गंभीर रूप से घायल रामकिशन को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गांव के महादेव अहिरवार के अनुसार, यह विवाद उस जमीन को लेकर था, जिस पर रामकिशन मकान बना रहे थे।
सीएसपी अरुण कुमार सोनी का बयान:
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई थी। मामले की जांच जारी है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
