जेल में बने समोसे, शहर में चर्चा का विषय

जबलपुर: वैसे तो आप ने शहर के भीतर एक से बढ़कर एक शानदार जगहों के समोसे चख़े होंगे लेकिन क्या कभी जेल में बने स्वादिष्ट समोसे का स्वाद लिया है? अगर नहीं तो आप को सुभाष चंद्र बोस सेंट्रल जेल के बाहर कैदियों के हाथों तैयार किए गए समोसे जो शुद्धता और सेवा का अनोखा उदाहरण बन रहे, को जरूर चखना चाहिए। किसी होटल को भी पीछे छोड़ दे, ऐसे समोसे इन दिनों शहर में चर्चा का विषय बन चुके हैं। केवल 10 रुपए में मिलने वाला यह समोसा न केवल जेब पर हल्का है बल्कि दिल को भी भाता है।
दो महीनों से चल रही दुकान!
अधिकारियों की मानें तो छुट्टी वाले दिन छोड़कर जबलपुर की सुभाष चंद्र बोस सेंट्रल जेल के गेट के बाहर कुछ अलग ही नज़ारा देखने को मिलता है। कैदियों से मिलने आए परिजनों के बीच इन दिनों एक खास चीज़ की चर्चा जोरों पर रहती है वो है जेल का समोसा। करीब दो महीने पहले जेल अधीक्षक अखिलेश तोमर और उप अधीक्षक मदन कमलेश के नेतृत्व में यह योजना शुरू हुई थी जिसका उद्देश्य मुलाकात के इंतज़ार में बैठे परिजनों को स्वच्छ, सस्ता और स्वादिष्ट नाश्ता उपलब्ध कराना था। इन समोसों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इन्हें कैदियों द्वारा ही पूरी स्वच्छता, शुद्ध तेल और घरेलू मसालों से तैयार किया जाता है। मसाले भी जेल के अंदर ही तैयार किए जाते हैं और ये न ज्यादा तीखे, न ज़्यादा नुकसानदायक होते हैं।
मिठाइयाँ भी बनेंगी
अधिकारियों की मानें तो अगर कोई व्यक्ति समोसे का ऑर्डर देना चाहता है तो वह पूर्व सूचना और अनुमति के साथ ऑर्डर बुक कर सकता है। इसका भुगतान एडवांस में करना होगा और तय समय पर समोसे जेल गेट के बाहर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही आगामी रक्षाबंधन पर जेल के अंदर ही शुद्ध खोये की मिठाइयां भी बनाई जाएंगी, जो बाजार से कम दाम बेहतर स्वाद व गुणवत्ता के साथ बाहर उपलब्ध होंगी।
इनका कहना है
जेल में आए परिजनों को मुलाकात के दौरान भूखे बैठना पड़ता था या सड़क तक जाना पड़ता था। इससे या तो नंबर छूटता था या असुविधा होती थी। अब कैदियों द्वारा समोसे बनाए जा रहे है जिसकी चर्चा पूरे शहर में हो रही है।
मदन कमलेश, उप अधीक्षक, जेल

Next Post

जबलपुर को मिला परख यान

Sat Jul 26 , 2025
जबलपुर: जबलपुर स्टेशन में शुक्रवार को जबलपुर मंडल को प्राप्त हुई नई परख निरीक्षण यान का उद्घाटन पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय द्वारा संपन्न किया गया। निरीक्षण यान के उद्घाटन के बाद महाप्रबंधक एवं अधिकारियों द्वारा निरीक्षण यान में सवार होकर, जबलपुर स्टेशन से श्रीधाम स्टेशन तक इस निरीक्षण […]

You May Like

मनोरंजन