मुंबई, 25 जुलाई (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और घरेलू स्तर पर डॉलर की तुलना में रुपये के कमजोर पड़ने से शुक्रवार को शेयर बाजारों में चौतरफा बिकवाली देखी गयी और प्रमुख सूचकांक पाँच सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुये।
बीएसई का सेंसेक्स 721.08 अंक यानी 0.88 प्रतिशत टूटकर 81,463.09 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 225.10 अंक (0.90) प्रतिशत की गिरावट में 24,837 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 19 जून के बाद का निचला स्तर है।
सोमवार को तेजी के साथ शुरुआत करने के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी-50 दोनों में एक प्रतिशत के अधिक की साप्ताहिक गिरावट रही।
बाजार में आज शुरू से ही बिकवाली हावी रही। वैश्विक स्तर पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक और बैंक ऑफ जापान की नीतिगत दरों की घोषणा से पहले शेयर बाजारों पर दबाव है।
घरेलू स्तर पर डॉलर के मुकाबले रुपये के लगातार कमजोर पड़ने से भी घरेलू स्तर पर निवेशकों की धारणा इस नकारात्मक बनी हुई है। भारतीय मुद्रा एक महीने से अधिक समय बाद 86.50 रुपये प्रति डॉलर से नीचे उतरी है। विदेशी निवेशकों ने आज शेयर बाजार से 23.876 करोड़ डॉलर की शुद्ध निकासी की जिससे बाजार में गिरावट देखी गयी।
आशिका ग्रुप ने बताया कि बाजार में निवेश धारणा कमजोर बनी हुई है। ऊर्जा, तेल एवं गैस, पीएसयू बैंक, ऑटो और आईटी सेक्टरों पर खासा दबाव रहा। फार्मा एक मात्र सेक्टर रहा जो इस दबाव से बचा हुआ है। निवेशक अभी जोखिम नहीं उठाना चाह रहे हैं।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में 28 के शेयर टूट गये। बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा 4.73 फीसदी की गिरावट देखी गयी। पावरग्रिड, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, बजाज फिनसर्व और ट्रेंट के शेयर दो प्रतिशत से अधिक टूटे। टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, अडानी पोर्ट्स, भारतीय स्टेट बैंक और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। सनफार्मा में सबसे अधिक 0.52 प्रतिशत की तेजी रही। भारती एयरटेल का शेयर भी 0.05 फीसदी चढ़ा।
छोटी तथा मझौली कंपनियों के शेयरों में भी बिकवाली देखी गयी। निफ्टी-100 में 1.01 प्रतिशत, निफ्टी मिडकैप-50 में 1.40 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप-100 में 2.10 प्रतिशत की गिरावट रही।
एनएसई में फार्मा और हेल्थकेयर को छोड़कर सभी सेक्टरों के सूचकांक लाल निशान में बंद हुये। गैर-बैंकिंग वित्तीय सेवाओं, तेल एवं गैस, धातु, आईटी, एफएमसीजी सेक्टरों के सूचकांक ज्यादा टूटे।
विदेशों में जापान का निक्केई 0.88 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.09 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.33 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.58 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.33 प्रतिशत की गिरावट में कारोबार कर रहा था।

