
इंदौर. खजराना थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ उसके परिचित युवक द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है. आरोपी ने युवती को मिलने के बहाने बुलाया और जब उसने प्यार का प्रस्ताव ठुकराया तो पहले जबरन हाथ पकड़कर खींचने लगा और विरोध करने पर गालियां देते हुए मारपीट कर दी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.
20 वर्षीय पीड़ित युवती ने शिकायत में बताया कि वह बंगाली चौराहा निवासी आयुष पिता सुनील कनासे को पिछले दो वर्षों से जानती है. कुछ दिन पहले आयुष ने उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाया. जब वह चेतन नगर, बंगाली चौराहा स्थित स्थान पर पहुंची, तो आयुष ने उससे कहा कि वह उसे पसंद करता है. युवती ने पुलिस को यह भी बतायाकि उसने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिस पर आयुष ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया और जबरन अपनी ओर खींचने लगा. पीड़िता ने जब हाथ छुड़ाया तो आयुष गाली-गलौज करते हुए उस पर टूट पड़ा और मारपीट करने लगा. मारपीट के दौरान युवती की दोनों आंखों के पास गंभीर चोटें आई हैं. मामले में खजराना थाना प्रभारी मनोज सिंह सेंधव का कहना है कि पुलिस ने आरोपी आयुष कनासे के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.
