प्रेम और परिवार की उलझन बनी सुमन की मौत की वजह

सतना: चित्रकूट से कांग्रेस के पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी की गढ़ी में गोली लगने से हुई सुमन निषाद की मौत का पर्दाफास पुलिस ने कर लिया है। यह बात सामने आई है कि सुमन अपने प्रेम प्रसंग और परिवार के बीच उलझन में फंसी थी, यही उसकी आत्महत्या का कारण बन गया। पुलिस ने सुमन के कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है, जो उससे फोन पर बात किया करता था। आत्महत्या के इस प्रकरण में पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस धारक पूर्व विधायक की पत्नी को भी आरोपी बनाया है। गौरतलब है कि पूर्व विधायक की गढ़ी में अपने परिवार के साथ काम करने वाली सुमन निषाद पिता स्व. अर्जुन निषाद (24) निवासी कटरा गुदर थाना कोतवाली कर्वी की गोली लगने से मृत्यु हुई थी।
सब्जी के काम से जुड़े दोनों
मामले की विवेचना करते हुए पुलिस ने जब सुमन के मोबाइल फोन का कॉल रिकॉर्ड खंगाला तब पता चला कि उसकी अरविंद उर्फ रज्जू यादव पिता गंगा यादव (24) निवासी पचोखर अतर्रा जिला बांदा उप्र से हुआ करती थी। दोनों सब्जी बेचने के काम के दौरान मिले थे। अरविंद गौशाला का भी काम करता था। दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे थे। फोन पर बात करते हुए सुमन को उसकी मां ने कई बार देखा और उसे डांट भी लगाई। बेटी की हरकतों को देख उसकी मां ने दीगर जगह विवाह संबंध तय कर दिया था।
नजर नहीं आया दूसरा रास्ता
मां की बंदिश, परिवार की नाराजगी और अरविंद के प्रेम से घिरी सुमन की उलझन इतनी बढ़ चुकी थी कि उसको आत्मघाती कदम उठाना पड़ गया। उसने पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी के घर में काम करने के दौरान उनकी पत्नी अर्चना शर्मा के नाम पर लाइसेंसी रिवाल्वर को बेड के नीचे से निकाला और छिपाकर छत के ऊपर बने बाथरूम तक लेकर गई। जहां उसने खुद को गोली मार ली। इस मामले में अरविंद की गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। जबकि रिवाल्वर रखने में शस्त्र धारक की लापरवाही मानते हुए पूर्व विधायक की पत्नी अर्चना शर्मा को आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी बनाया है।

Next Post

हेलमेट की जागरूकता के लिए अनेक संस्थान आगे आए

Sun Aug 3 , 2025
इंदौर:इंदौर जिले में जीवन की सुरक्षा को देखते हुए हेलमेट की अनिवार्यता के संबंध में सकारात्मक वातावरण बनने लगा है. अनेक संस्थान हेलमेट की जागरूकता हेतु तेजी से आगे आ रहे है. हेलमेट पहनने वालों को वे अपने-अपने स्तर से प्रोत्साहित भी कर रहे है. कहीं चाय के साथ खारी […]

You May Like