
शिवपुरी। नगर परिषद नरवर की अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सामने वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी सहित विस्तृत प्रस्ताव रखा है। नगर परिषद अध्यक्ष पदमा संदीप माहेश्वरी ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को पत्र देकर प्रस्ताव रखा है।
नप अध्यक्ष का कहना है कि नरवर स्थिति मड़ीखेड़ा अटल सागर बांध, टाइगर रिजर्व की सीमा से लगा है। प्राकृतिक रूप से बहुत ही सुंदर एवं सौम्य स्थान है। यहां लॉयन ग्रुप का होटल रिसोर्ट शुरू होने से काफी पर्यटक भी आने लगे हैं। खंडवा के हनुवंतिया की तर्ज पर मड़ीखेड़ा बांध पर वाटर स्पोर्ट्स एक्टिविटी एवं जल महोत्सव शुरू करना जरूरत है। क्योंकि मड़ीखेड़ा बांध प्रदेश व जिले का प्रमुख बड़ा बांध है। इस बांध का जल ग्रहण क्षेत्र 5540 वर्ग किमी है। यहां पैरासेलिंग, जेट स्कीइंग, कयाकिंग, स्पीड बोटिंग, क्रूज राइड, जोरबिंग, जिप लाइनिंग, हॉट एयर बैलून जैसी कई पर्यटक, मनोरंजक गतिविधियां शुरू की जा सकती हैं। इससे न केवल संसदीय क्षेत्र में पर्यटन के पटल पर उभर कर आएगा, बल्कि आर्थिक रूप से भी क्षेत्र समृद्ध होगा। नप अध्यक्ष माहेश्वरी ने केंद्रीय मंत्री शेखावत को प्रस्ताव सौंपकर कहा है कि चित्तौड़गढ़ दुर्ग के बाद नरवर का दूसरा सबसे बड़ा किला है, जो करीब 8 वर्ग किमी में फैला है। अब चूंकि श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में चीते छोड़ने और माधव टाइगर रिजर्व शिवपुरी में टाइगर आने से कूनो पालपुर, शिवपुरी, नरवर, ओरछा, खजुराहो व पन्ना वैश्विक पटल पर एक नए पर्यटन सर्किट के रूप में उभर यहा है। इसका नरवर केंद्र बिंदु के रूप में महत्वपूर्ण स्थान है। नरवर में बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए अब तक मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। पर्यटकों की सुविधा के लिए आधारभूत सुविधाओं का विकास बहुत जरूरी है।
