इंदौर: आज सुबह स्वच्छता सुपर लीग में सिरमौर बनने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के अर्बन सेक्रेट्री स्वच्छता मॉडल का अवलोकन करने इंदौर आए. इस दौरान उन्होंने डोर टू डोर कचरा संग्रहण, कचरा ट्रांफोर्मेशन स्टेशन, ट्रेंचिंग ग्राउंड प्रोसेसिंग प्लांट और सिटी बस ऑफिस स्थित आईसीसीसी कमांड सेंटर पर जीपीएस सिस्टम से कचरा कलेक्शन की निगरानी करने की जानकारी ली.
उत्तर प्रदेश सरकार के अर्बन सेक्रेट्री अनुज कुमार झा अर्बन ने आज इंदौर के वार्ड क्रमांक 48 में मिश्र नगर डोर टू डोर कचरा संग्रहण कार्य का अवलोकन किया. झा ने देखा कि किस प्रकार से निगम के वाहन डोर टू डोर कचरा लेने कॉलोनी में आते हैं. कॉलोनी के रहवासी अपने घर से निकले कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में सेग्रीगेट रखे हुए कचरे को वाहन के अलग-अलग भाग में डालते है. इस दौरान झा ने रहवासियों से कचरा सेग्रीगेशन के संबंध में चर्चा की.
इसके बाद अर्बन सेक्रेटरी झा ने कंचनबाग में राजशाही कचरा ट्रांसफर स्टेशन का अवलोकन किया. अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने उन्हें बताया कि इंदौर में अलग-अलग क्षेत्र में जीटीएस का निर्माण किया गया है. राजशाही जीटीएस इंदौर के मध्य क्षेत्र और कॉलोनी के पास स्थित होने के बाद भी रहवासियों को कोई समस्या नहीं है. स्टेशन पर कचरा संग्रहण वाहन के माध्यम से एकत्रित कचरे को लाया जाता है. फिर गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग कर ट्रेंचिंग ग्राउंड प्रोसेसिंग प्लांट पर भेजते है.
कमांड सेंटर और प्रोसेसिंग प्लांट का दौरा किया
अर्बन सेक्रेटरी झा सिटी बस ऑफिस स्थित आईसीसीसी कमांड सेंटर को भी देखा. उन्होंने समझा कि इंदौर में कचरा संग्रहण वाहन एवं अन्य वाहनों की जीपीएस के माध्यम से कैसे मॉनिटरिंग की जाती है. झा ने देव गुराडिया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रोसेसिंग प्लांट एवं बायो गैस प्लांट का दौरा कर जाना कि किस तरह कचरे से खाद और गैस बनाई जा रही है. उत्तर प्रदेश सरकार अर्बन सेक्रेट्री झा ने शहर के सफाई मॉडल को देखकर प्रभावित हुए, उन्होंने सफाई की प्रशंसा की। उनके साथ आयुक्त शिवम वर्मा, अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी अखिलेश उपाध्याय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
