जबलपुर: माढ़ोताल थाना क्षेत्र में रविवार को युवक-युवती रेल्वे ट्रेक पर आत्महत्या के इरादे से लेट गए और दोनोंं के ऊपर से ट्रेन धड़धड़ाते हुए गुजर गई जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक कौन हैं और कहां के रहने वाले हैं, उन्होंने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है।
माढ़ोताल थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि अश्विनी कुमार विश्वकर्मा पिता स्व. पुबुलुआ विश्वकर्मा 48 वर्षीय पाइंट मेन ने सूचना दी कि बसा गांव के पास डाउन रेल्वे ट्रेक में एक अज्ञात पुरूष रेल्वे ट्रेक पर आकर लेट गया.
जिसके साथ एक युवती भी थी, वह भी ट्रेक पर लेट गई। इसी बीच ट्रेन दोनों के ऊपर से गुजर गई और दोनों की मौत हो गई। महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष और युवक की उम्र लगभग 22 से 25 वर्ष होगी। मृतक कौन हैं इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस मर्ग कायम कर दोनों की शिनाख्तगी के प्रयास कर रही है। इसके साथ ही इसका भी पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या किन कारणों से की है।
