इंदौर: केसरबाग रोड पर किराए से रहकर सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत 23 वर्षीय युवती की रविवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई. युवती अपने दोस्तों के साथ पार्टी के लिए निकली थी, तभी रास्ते में ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है.मृतका की पहचान आस्था सिंह सेंगर उत्तर प्रदेश निवासी अकबरपुर, कानपुर के रूप में हुई है.
हादसा शनिवार देर रात तिल्लोर के पास उस समय हुआ, जब आस्था रतलाम निवासी अपने मित्र जितेंद्र के साथ बाइक से राजपूत ढाबे की ओर जा रही थी. इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सड़क किनारे जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से आस्था की हालत गंभीर होने पर उसे विशेष जूपिटर अस्पताल रेफर किया गया.
इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 5:30 बजे उसकी मौत हो गई, वहीं जितेंद्र की हालत अब भी नाजुक बताई जा रही है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि आस्था ने गुना के एक इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक किया था. चार महीने पहले ही उसका चयन इंदौर की एक निजी सॉफ्टवेयर कंपनी में हुआ था. वह केसरबाग रोड क्षेत्र में किराए से रह रही थी. परिवार में पिता किसान हैं, एक छोटा भाई और बहन अभी पढ़ाई कर रहे हैं.
मामले में तेजीजीनगर थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम का कहना है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, वाहन की पहचान और उसके चालक की जानकारी जुटाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. घटना के बाद मृतका के रिश्तेदार कुलदीप ने साथी युवक जितेंद्र पर ही लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि जितेंद्र की गलती से यह हादसा हुआ, जिससे आस्था की जान चली गई. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
