
सिंगोली। रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर बिजौलिया से सिंगोली लौट रहे मोटरसाइकिल सवार मां-बेटे की राजस्थान के बिजौलिया थाना क्षेत्र में सडक़ हादसे में मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों ने कोटा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की खबर सिंगोली पहुंचते ही जैन समाज सहित नगर में शोक की लहर छा गई।
जानकारी के अनुसार सिंगोली निवासी लाड़बाई पति हरकचंद मोहिवाल (65) अपने पुत्र मनीष पिता हरकचंद मोहिवाल (42) के साथ रक्षाबंधन मनाने बिजौलिया राजस्थान गई थीं। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे दोनों मोटरसाइकिल से सिंगोली लौट रहे थे। इसी दौरान राजस्थान सीमा में बिजौलिया थाना क्षेत्र की कास्या चौकी अंतर्गत तिलस्वां घाट के ऊपर उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में दोनों मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सिंगोली निवासी एक युवक ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली पहुंचाया। यहां डॉ. हितेश व्यास ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोटों को देखते हुए दोनों को रेफर कर दिया। परिजन उन्हें कोटा ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
मृतका लाड़बाई नगर के बर्तन कारोबारी हरकचंद मोहिवाल की पत्नी और मनीष की मां थीं। मनीष जैन की दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी 13 वर्ष और छोटी बेटी 8 वर्ष की है। हादसे में पिता की मौत के बाद दोनों मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया।
मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार गहरे सदमे में है। शनिवार दोपहर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों सहित नगर के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। घटना से पूरे नगर में शोक का माहौल है।
