वाशिंगटन, 03 अक्टूबर (वार्ता) यूक्रेन में युद्ध को संभावित रूप से समाप्त करने के लिए अमेरिका-रूस के बीच जारी वार्ता का दायरा बढ़ गया है, जिसमें अरबों डॉलर के तेल सौदे पर चर्चा भी शामिल है।
एक अमेरिकी रिपोर्ट के अनुसार, यह सौदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दो वरिष्ठ वार्ताकारों से जुड़े व्यापारिक अधिकारियों को लाभ पहुंचा सकता है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक रूसी ऊर्जा कंपनी ल्यूकऑयल से जुड़ा यह प्रस्तावित सौदा पांच सितंबर को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी वार्ताकार स्टीव विटकॉफ तथा जेरेड कुश्नर के बीच हुई बैठक के दौरान प्रस्तुत किया गया था। इस सौदे से रूस की सबसे बड़ी तेल कंपनियों में से एक, ल्यूकऑयल को रूस के बाहर तेल क्षेत्रों, रिफाइनरियों और गैस स्टेशनों सहित कई ऊर्जा संपत्तियों का अधिग्रहण करने की अनुमति मिल सकती है। इन संपत्तियों में न्यू जर्सी में स्थित गैस स्टेशन भी शामिल होंगे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ये वार्ताएं यूक्रेन में रूस के युद्ध को समाप्त करने के व्यापक अमेरिकी कूटनीतिक प्रयास में एक आर्थिक आयाम जोड़ती हैं। यह युद्ध अपने पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और इसने वैश्विक ऊर्जा बाजारों को बाधित करने के साथ-साथ यूक्रेनी बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाना जारी रखा है।
अमेरिकी विशेष दूत के रूप में कार्यरत विटकॉफ और श्री ट्रम्प के दामाद एवं पूर्व वरिष्ठ ह्वाइट हाउस सलाहकार कुश्नर ने रूस-यूक्रेन के बीच वार्ता को पुनर्जीवित करने के प्रशासन के प्रयासों में प्रमुख भूमिका निभायी है। अमेरिका चूंकि संघर्ष समाप्त करने के लिए एक रूपरेखा तलाश रहा है, इसलिए इन दोनों ने रूसी-यूक्रेनी अधिकारियों से बातचीत की है। सितंबर में श्री विटकॉफ और श्री कुश्नर ने नये कूटनीतिक प्रयासों के तहत यूक्रेन और रूस दोनों की यात्रा की थी।
वार्ताकारों से जुड़े लोगों के अनुसार, प्रस्तावित ल्यूकऑयल सौदे में शामिल समूह में पश्चिम एशिया के दो व्यापारिक समूह शामिल हैं, जिन्होंने पहले भी श्री विटकॉफ और श्री कुश्नर से कारोबार किया है। अमेरिकी निवेशक और श्री ट्रम्प के समर्थक श्री टोड बोहली भी इस समूह में शामिल हैं।
रिपोर्ट में यह साबित नहीं हुआ है कि श्री विटकॉफ या श्री कुश्नर को प्रस्तावित सौदे से व्यक्तिगत रूप से लाभ होगा। यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस के साथ बातचीत में उनकी भूमिका के मद्देनजर सौदे में शामिल पक्षों के साथ उनके संबंधों ने हितों के टकराव की संभावना पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
यह प्रस्तावित सौदा ऐसे समय में आया है, जब ट्रम्प प्रशासन ने बार-बार संकेत दिया है कि युद्ध की समाप्ति आखिरकार अमरिका-रूस के बीच आर्थिक और व्यावसायिक संबंधों की बहाली का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। श्री ट्रम्प ने कई अवसरों पर कहा है कि शांति समझौता अमेरिका-रूस के लिए व्यापार और आर्थिक सहयोग के अन्य रूपों को फिर से शुरू करने के अवसर पैदा कर सकता है। ऐसा कोई भी समझौता यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूस पर लगाये गये पश्चिमी देशों के वर्षों के प्रतिबंधों के बाद एक बड़ा बदलाव होगा।
यूक्रेनी बलों ने रूसी सेना को आपूर्ति करने और ऊर्जा निर्यात से राजस्व उत्पन्न करने की क्षमता को बाधित करने के प्रयास में रूसी तेल भंडारण सुविधाओं और रिफाइनरियों को निशाना बनाया है। इस बीच, रूस ने यूक्रेन के बिजली और ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी रखे हैं।
