मंडला: जनपद पंचायत बीजाडांडी में उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव और मुख्य कार्यपालन अधिकारी बसंती दुबे के बीच विवाद गहराता जा रहा है। सरपंच-सचिव संघ ने उपाध्यक्ष पर मनमानी, अवैध वसूली और अधिकारियों पर दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ ने कलेक्टर मंडला को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि उपाध्यक्ष की शिकायतों को अमान्य कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि उपाध्यक्ष यादव ग्राम पंचायतों, वेंडरों और हॉस्टल अधीक्षकों से नियमित रूप से अवैध वसूली करते हैं और विरोध करने पर झूठी शिकायतें दर्ज कराते हैं। सीईओ द्वारा लेखापाल सतीश पांडेय को निलंबित किए जाने के बाद, उन्हें बचाने के लिए उपाध्यक्ष द्वारा सीईओ को हटाने की मांग की जा रही है।
संघ ने स्पष्ट किया कि सीईओ बसंती दुबे के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं। यदि उन्हें हटाया गया तो भारी धांधली और भ्रष्टाचार की आशंका है। संघ ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर वे आंदोलन करेंगे।
