
छतरपुर। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के खजवा गांव में बरसाती नाले से रेत निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, फिर लाठी-डंडे चले और इसके बाद एक पक्ष की ओर से कथित तौर पर फायरिंग कर दी गई। घटना में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
घायलों की पहचान धर्मदास विश्वकर्मा (60), पप्पू उर्फ नरेंद्र विश्वकर्मा (46), पुष्पेंद्र विश्वकर्मा (41) और संजय विश्वकर्मा (38) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ भी मारपीट की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो को जांच का हिस्सा बना लिया है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। डॉक्टरों की रिपोर्ट और चोटों के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद खजवा गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
