
अंकारा, 18 जुलाई (वार्ता) तुर्की में पिछले दो हफ़्तों में इस्लामिक स्टेट (आईएस) को निशाना बनाकर चलाए गए आतंकवाद निरोधक अभियान में सुरक्षा बलों ने 28 राज्यों से 153 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
गृह मंत्री अली येरलिकाया ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर आज बताया कि जेंइरमेरिये युनिट्स की ओर से चलाए गए इस अभियान में अदाना, अंताल्या, इस्तांबुल, इज़मिर और 24 अन्य प्रांतों में संदिग्ध आईएस आतंकवादियों को निशाना बनाया गया।
उन्होंने बताया कि इन सभी पर आईएस सदस्य होने, कथित तौर पर आईएस से जुड़े चैरिटी संगठनों को धन मुहैया करने और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से आतंकवादी प्रचार फैलाने का आरोप है।
गृह मंत्री ने छापेमारी की फुटेज साझा करते हुए कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गौरतलब है कि तुर्की ने 2013 में आईएस को एक आतंकवादी संगठन घोषित किया था और देश में हुए कई घातक हमलों के लिए उसे ज़िम्मेदार ठहराया था। सरकार ने इसके सदस्यों और गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए देश और विदेश में आतंकवाद-रोधी अभियान चलाए हैं।
