भाजपा नेता, फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष के भ्रष्टाचार की हो व्यापक जांच : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 18 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सम्बद्ध फार्मेसी काउंसिल ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष मोंटू पटेल ने पैसा लेकर कई फार्मेसी कॉलेज को मान्यता देकर कई हजार करोड़ रुपये का गबन किया है, लेकिन केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) उसके खिलाफ तथ्य छिपाकर रही है इसलिए सबसे पहले आरोपी को भाजपा से निष्कासित कर उसके विरुद्ध निष्पक्ष और व्यापक जांच की जानी चाहिए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में शुक्रवार संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा नेताओं के खिलाफ उसकी कठपुतली बनकर काम कर रहे ईडी, सीबीआई जैसी संस्थाएं भ्रष्ट भाजपा नेताओं के खिलाफ इस तरह से मामला बनाते हैं कि आरोपी भाजपा नेता न्यायालय में सजा न मिल सके। सामान्य प्रचलन है कि यदि किसी के खिलाफ कोई भ्रष्टाचार का मामला है तो उसके खिलाफ पहले प्राथमिक दर्ज की जाती है लेकिन सीबीआई, ईडी ऐसा नहीं कर रहे है और सीबीआई ने एक मामले में दो साल तक बिना प्राथमिक दर्ज किये जांच का काम किया जो पूरी तरह से अवैधानिक है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का सूत्र है- भाजपा का मास्क पहनो और खूब भ्रष्टाचार करो। गुनाह करते हुए पकड़े भी गए तो भाजपा जेल नहीं जाने देगी। इस तरह भाजपा न्याय के साथ भी खिलवाड़ करती है और उसका मास्क पहने गुनाहगार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। जब मामला न्याय की देवी के सामने जाता है तो तथ्य नहीं रखे जाते हैं।

यही कारण है कि 5,000 करोड़ का भ्रष्टाचार करने वालों पर दो साल तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होती। बिना प्राथमिकी के ही दो साल तक जांच चलती रही। उसके बाद जब विपक्ष ने सदन में आवाज उठाई, तो प्राथमिकी तो दर्ज हुई लेकिन उनके साथ बहुत नरमी बरती गई।

कांग्रेस प्रवक्ता ने इस संदर्भ में एक उदाहरण देते हुए कहा कि फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष पटेल पर पैसा लेकर फार्मेसी कॉलेज को मान्यता देने का भ्रष्टाचार करने के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हुईं, लेकिन सीबीआई ने दो साल तक इसके खिलाफ न प्राथमिकी दर्ज की और न उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय ने सीबीआई से पूछा कि श्री पटेल को समन तक क्यों नहीं भेजा गया तो जवाब आया कि उससे फोन पर बात की थी। फिर इस मामले में न्यायालय में उसके मिला जरूरी तथ्य ही नहीं रखे गये।

उन्होंने कहा कि फॉर्मेसी कॉलेज की मान्यता के लिए प्रक्रिया होती है, लेकिन यहां पैसे दीजिए और लाइसेंस ले लीजिए। इतने गंभीर आरोपों के बावजूद सीबीआई मोंटू पटेल के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है। उन्होंने इस संबंध में एक ऑडियो भी सुनाया जिसमें पैसे के लेनदेन के बाद मान्यता मिलने की बात साफ सुनाई दे रही है और स्पष्ट है कि फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष मोंटू पटेल भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त है और ऐसे कई सबूत भी उसके खिलाफ हैं लेकिन सीबीआई कोर्ट के सामने कोई मजबूत सबूत पेश नहीं कर रही है ताकि उसे बचाया जा सके।

कांग्रेस ने मांग करते हुए कहा कि श्री पटेल को भाजपा से निष्कासित कर उसकी और उससे संबद्ध अन्य लोगों की संपत्ति की जांच कर सारे तथ्य न्यायालय के सामने रखे जायँ ताकि उसकी अग्रिम जमानत मंजूर न हो। उनका कहना था कि मोंटू पटेल ने काउंसिल में अपने लोग रखे हैं उनको भी हटाया जाना चाहिए और काउंसिल के लिए जो कानून बनाया गया है उसे संसद के इसी सत्र में पारित कराया जाना चाहिए।

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार 3.06 अरब डॉलर घटकर 696.67 अरब डॉलर पर

Fri Jul 18 , 2025
मुंबई, 18 जुलाई (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार दूसरे सप्ताह गिरकर 696.67 अरब डॉलर रह गया है। रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, 11 जुलाई को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा का कुल भंडार 3.064 अरब डॉलर घटकर 696.672 अरब डॉलर रह गया। यह […]

You May Like