सिंगरौली/ सरई:विगत दो दिवस से लगातार वर्षा के कारण सिंगरौली जिले का जनजीवन अस्त-व्यस्त होने लगा। कलेक्टर सिंगरौली के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन दल द्वारा जिले में समुचित रूप से राहत का कार्य कर रही है। तहसील सरई अंतर्गत कई स्थानों पर लगातार भारी बारिश से जनहानि पशुहानी और फसल की क्षति हुई जिस पर तहसीलदार सरई चंद्रशेखर मिश्रा द्वारा सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र का भ्रमण किया। ग्राम शिवगढ़, झारा, सरई, गन्नई, पुरैल, खनुआ, जमगड़ी, गोरा, धूममडोल का निरीक्षण किया गया।
श्री मिश्रा द्वारा राजस्व टीम के साथ राहत का कार्य किया गया। राजस्व टीम के निरीक्षण में मकान क्षति के 13, कुआं धसकने के 04, आकाशीय बिजली से 01, पशुहानी के 04 प्रकरण प्रकाश मे आए। इसी प्रकार क्षेत्र में दियागड़ई ठरकठैला मार्ग जल भराव के कारण बाधित हुआ जहां पर आवश्यक एहतियात के साथ मार्ग में सतर्कता बढ़ाई गई। पानी निकालने के बाद ही उसे खोला गया।
महुली में मार्ग पर वृक्ष के गिर जाने से रास्ता बाधित हुआ जहां राजस्व टीम एवं ग्रामीणों द्वारा मौके से पहुंचकर वृक्ष को रास्ते से हटवा कर आवागमन सुचारू किया गया। निगरि, झारा, बंजारी, भरसेड़ी, हरदी ग्रामों में गोपद नदी पर राजस्व टीम निगरानी में लगी थी। आवागमन बाधित नहीं हुआ। ग्राम गन्नई,पुरैल एवं शिवगढ़ में कई स्थानों पर मकान में जल भराव होने से ग्राम सरपंच, सचिव, पटवारी, नगरपरिषद के सहयोग से जेसीबी के माध्यम से जल भराव क्षेत्र से नली बनाकर पानी निकाला गया। राहत कार्य में तहसील सरई की राजस्व टीम, ग्राम पंचायत, नगर परिषद की टीम द्वारा किया गया। थाना सरई, बरका, निवास, निगरी की पुलिस टीम भी क्षेत्र भ्रमण में रही।
