
जबलपुर। बरगी बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए रविवार शाम को बांध के तीन गेट खोल दिए गए। गेट करीब 0.50 मीटर की औसत ऊँचाई तक खोले गए है जिनके जरिए 237 क्युमेक जल की निकासी की जा रही है। इससे माँ नर्मदा के घाटों पर 1 से 2 फुट पानी की बढ़ोतरी होगी। जानकारी के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के चलते बरगी बांध का जलस्तर 422.70 मीटर आंका गया। वर्तमान मे बांध की जल उपयोगी क्षमता 99.72 प्रतिशत है। वर्तमान में बांध में पानी की आवक 403 क्यूमेक है। जल भराव क्षेत्र में वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए रविवार की शाम 6 बजे बांध के 3 जल द्वार 0.50 मीटर की औसत ऊँचाई तक खोल कर 237 क्युमेक जल की निकासी की जा रही है। इससे माँ नर्मदा के घाटों पर 1 से 2 फुट पानी की बढ़ोतरी होगी। बांध में पानी की आवक के अनुसार जल की निकासी को कभी भी घटाया व बढ़ाया जा सकेगा। सहायक यंत्री बाढ नियंत्रण, बरगी बांध ने माँ नर्मदा के घाटों एवं तटीय क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने का अनुरोध किया है।
