इछावर। सगे रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना ने हर किसी को झागझोर दिया. दो सगे भाइयों के बीच में हुई मामूली तू तू मैं मैं देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई और बड़े भाई ने छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस को गुमराह करने के लिए लाश को गांव के सुनसान रास्ते पर फेंक दिया और घर से हत्या के सभी साक्ष्य छुपा दिए. रविवार सुबह करीब 9.30 बजे ग्राम सतपिपलिया निवासी देवेंद्र परमार 32 साल ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई अंकुश परमार का शव रामनगर रोड पर हेमराज के खेत की मेड के पास पड़ा है. मृतक के शरीर पर गहरे घाव है जो धारदार हथियार से किए गए प्रतीत होते हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने गांव के कुछ पुराने विवादों और अंकुश की कॉल डिटेल निकाल कर हत्या की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की. इस बीच मृतक का बड़ा भाई देवेंद्र परमार लगातार अपने बयान बदल रहा था. जिससे पुलिस के शक के दायरे में आता जा रहा था. पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया. और उसने छोटे भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया. जानकारी अनुसार दोनों भाई अविवाहित थे. गलत आदतों के कारण इनका विवाह नहीं हो रहा था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में शनिवार की रात को विवाद हुआ. पुलिस ने 5 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझा दी है.
