इंदौर: नशे के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान “नशे से दूरी है जरूरी” के तहत इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा 17 जुलाई को शहर के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए. पुलिस आयुक्त के निर्देशन में हुए इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मनोचिकित्सक, डॉक्टर्स व शिक्षाविदों ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें इससे दूर रहने की शपथ दिलाई.
अभियान की शुरुआत राऊ थाना क्षेत्र स्थित एमराल्ड हाईट्स इंटरनेशनल स्कूल से हुई, जहां एडिशनल कमिश्नर अमित सिंह, डीसीपी जोन-1 विनोद मीणा, एडिशनल डीसीपी आलोक शर्मा, एसीपी निधि सक्सेना व थाना प्रभारी ने 1500 से अधिक बच्चों को संबोधित किया. सिंह ने बच्चों से रील्स और शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से नशे के खिलाफ संदेश फैलाने की अपील की. इसी तरह गरिमा विघा विहार स्कूल में एडिशनल डीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया, उनि शिवम ठक्कर, डॉ. रामगुलाम राजदान, डॉ. शिवाजीराव होल्कर और डॉ. संतोष बागोरा ने लगभग 500 बच्चों को नशे के दुष्परिणाम बताए और केस स्टडी साझा कर जागरूक किया.
नारायणा ई-टेक्नो स्कूल, द मिलेनियम स्कूल और सेंट अर्नाल्ड स्कूल में भी दंडोतिया व उनकी टीम ने 1050 विद्यार्थियों को संबोधित किया. वहीं व्हाइट चर्च चौराहे पर ट्रैफिक एसीपी हिंदू सिंह मुवेल व वार्डन टीम ने बस यात्रियों और ऑटो चालकों को नशामुक्ति का संदेश दिया और ऑटो पर स्टिकर लगाए. विजय नगर थाना क्षेत्र के प्रेस्टीज कॉलेज में एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह, एसीपी आदित्य पटले और थाना प्रभारी चंदकांत पटेल ने 350 विद्यार्थियों को जीवन में नशे से दूर रहकर लक्ष्य तय करने की प्रेरणा दी.
तेजाजी नगर के क्वींस कॉलेज, मल्हारगंज के एमपी पुलिस पब्लिक स्कूल, सदरबाजार के मल्हार आश्रम सहित शहर के लगभग हर जोन में बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसानों की जानकारी दी गई. एरोड्रम थाना की टीम यथार्थ इंटरनेशनल स्कूल में 150 छात्रों के बीच पहुंची, वहीं छात्रों ने एक रैली निकालकर भी संदेश दिया. परदेशीपुरा की जी-किड्स स्कूल, कनाड़िया का आर्ट मिसिया कॉलेज, खजराना के सेंट लोयेसीस स्कूल, तिलक नगर का वर्ल्ड कप चौराहा, चंदन नगर का सेंट मेरी स्कूल व ग्राम बांक, पलासिया का सेंट एंड्रॉयड स्कूल, गांधी नगर का मॉडल शासकीय स्कूल, राजेंद्र नगर का चोईथराम स्कूल, भंवरकुआं का फिजिक्स वाला विद्यालय, जूनी इंदौर के अहमउ नूर मेमोरियल व लाइफलाइन स्कूल, छत्रीपुरा, सराफा, पंढरीनाथ, रावजी बाजार, संयोगितागंज, अन्नपूर्णा, तुकोगंज, सेन्ट्रल कोतवाली, द्वारकापुरी सहित सभी थाना क्षेत्रों में बच्चों व नागरिकों को पंपलेट, बैनर और शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से जागरूक किया.
अभियान में महिला सुरक्षा शाखा की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संध्या राय ने भी शासकीय नवीन माध्यमिक विद्यालय और टेकचंद धर्मशाला में 300 विद्यार्थियों और 180 बालिकाओं से संवाद कर उन्हें जागरूक किया. पूरे अभियान के दौरान करीब 15,000 से अधिक विद्यार्थियों, अभिभावकों, चालकों, शिक्षकों और नागरिकों को नशे के प्रति जागरूक कर उनसे नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई. इस अभियान को शहरवासियों ने सराहा और पुलिस की इस पहल में सहभागी बनने का संकल्प लिया. पुलिस का यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर को नशामुक्त बनाया जा सके और युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो.
