नयी दिल्ली 17 जुलाई (वार्ता) भारत ने कहा है कि वह बंगलादेश में समावेशी और लोकतांत्रिक तरीके से कराये जाने वाले चुनावों का स्वागत करता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को नियमित ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में कहा कि भारत का रूख पहले से ही स्पष्ट है । लोकतांत्रिक देश होने के नाते हम बंगलादेश में चुनावों का समर्थन करते हैं। ये चुनाव समावेशी और सभी की भागीदारी से होने चाहिए।
बंगलादेश के गोपालगंज में हिंसा की ताजा घटनाओं और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता तथा साहित्यकार सत्यजीत रे की पैतृक संपत्ति के बारे में बंगलादेश सरकार के रूख में बदलाव से संबंधित संबंधित सवाल पर प्रवक्ता ने कहा कि भारत इस क्षेत्र में सभी घटनाक्रमों पर करीब से नजर रखता है और जरूरत पड़ने पर कदम उठाया जाता है।
सत्यजीत रे से संबंधित संपत्ति के सवाल पर उन्होंने केवल इतना कहा कि सरकार ने बंगलादेश के विदेश मंत्रालय की इस संबंध में जारी विज्ञप्ति देखी है।
बंगलादेश सरकार ने इस मामले में अपना रूख बदलते हुए अब कहा है कि यह भवन कभी भी सत्यजीत रे के परिवार के पास नहीं रहा।
उल्लेखनीय है कि भारत ने एक दिन पहले ही बंगलादेश के मैमनसिंह में प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और साहित्यकार सत्यजीत रे की पैतृक संपत्ति को गिराए जाने पर खेद व्यक्त करते हुए बंगलादेश सरकार से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और इस जगह को संग्रहालय बनाए जाने पर विचार करने को कहा था।
भारत ने कहा है कि वह इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए सहयोग देने को तैयार है।
