
अशोकनगर। जिले के प्रसिद्ध करीला धाम मंदिर में बुधवार सुबह एक बच्चे ने जन्म लिया है। बच्चे की मां उमा पत्नी सुनील आदिवासी उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के ककरेला गांव से ट्रैक्टर ट्रॉली में परिजनों के साथ मंगलवार को मां जानकी मंदिर क़रीला आई थी। उसे नौ माह का गर्भ था, मंगलवार रात्रि को सभी लोग मंदिर परिसर के बाहर टीन शेड में रुके हुए थे कि महिला को प्रसव वेदना शुरू हो गई। परिजनों ने स्थानीय दुकानदारों से नंबर पूछ कर जननी एक्सप्रेस को फोन किया लेकिन जब तक जननी एक्सप्रेस आती, तब तक प्रसूता दर्द से कराह रही थी। अंततः साथ में आईं अन्य महिलाओं ने मां जानकी को प्रणाम कर ट्रॉली में ही प्रसव कराने का निर्णय लिया और पांच मिनट में आसानी से प्रसव हो गया और एक स्वस्थ बेटे ने जन्म लिया। इसके बाद जच्चा बच्चा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर में भर्ती कराया गया।
नाम रखा लव, कहा अपना नाम खुद लेकर आया
बहादुरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती प्रसूता उमा की सास ने बताया कि जब बहू का पेटदर्द हुआ तो वह सभी घबरा गए थे। लेकिन उन्होंने मां जानकी के दरबार में अर्जी लगाई कि जैसे उनके बेटे का जन्म क़रीला में हो गया था वैसे ही इनके बेटे का जन्म हो जाए। परिजनों ने बेटे का नाम लव रखा है, उनका कहना है कि अपना नाम वह स्वयं लेकर आया है।
