मास्को, 17 जुलाई (वार्ता) जर्मनी ने कई देशों की मदद से हैकरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात रूसी गिरोह नोनेम 057 (17) के छह सदस्यों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किये हैं।
जर्मन पुलिस ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों ने अमेरिका और कई यूरोपीय देशों की मदद से हैकर गिरोहों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर का अभियान चलाया। तब पुलिस को कुछ रूसी नागरिकों के बारे में पता चला कि वे हैकिंग गिरोह चला रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इस गिरोह के छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुये ये वारंट जारी किये।
इस संयुक्त अभियान को ‘ऑपरेशन ईस्टवुड’ नाम दिया गया है और जर्मनी की इसमें प्रमुख भूमिका है।
गौरतलब है कि साइबर अपराधों के खिलाफ लड़ाई में जर्मनी के साथ अमेरिका, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, स्वीडन, फ्रांस, स्पेन और इटली की कानून प्रवर्तन एजेंसियां साथ आयी हैं। ये देश यूरोपोल, यूरोजस्ट तथा अन्य यूरोपीय देशों की भागीदारी से यह अभियान चला रहे हैं।
पुलिस के अनुसार जिन छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है, उनमें से दो पर संदेह है कि वे इस गिरोह के सरगना हो सकते हैं। स्पेन के अधिकारियों ने भी यही कदम उठाया है।
