नई दिल्ली। सहकारिता आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी का देशभर में चरणबद्ध विस्तार किया जा रहा है। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित यह चालक-स्वामित्व (ड्राइवर-ओन्ड) मॉडल पारदर्शी और सहकारी व्यवस्था पर आधारित है, जिसमें चालक (सारथी) ऐप, यात्री ऐप और बैकएंड मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं।
वर्तमान में भारत टैक्सी की सेवाएं दिल्ली-एनसीआर और गुजरात के शहरों में संचालित हो रही हैं। प्लेटफॉर्म पर अब तक 7.76 लाख चालक (सारथी) और 40.84 लाख ग्राहक पंजीकृत हो चुके हैं।
कंपनी के अनुसार, अन्य शहरों और राज्यों में सेवाओं का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। यह विस्तार परिचालन तैयारी, चालकों की उपलब्धता, कानूनी एवं नियामकीय मंजूरी, आवश्यक लाइसेंस, राज्य सरकारों, सहकारी संस्थाओं और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय पर निर्भर करेगा।
किसी भी राज्य में सेवाएं शुरू करने से पहले परिवहन विभाग, शहरी स्थानीय निकायों और सहकारिता विभाग सहित संबंधित सरकारी संस्थाओं से आवश्यक अनुमतियां और वैधानिक स्वीकृतियां प्राप्त की जाती हैं। सभी प्रशासनिक और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही संचालन शुरू किया जाता है।
सेवा शुरू करने से पहले चालक पंजीकरण, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, राज्य सरकार के विभागों और स्थानीय निकायों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाता है।
यह जानकारी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
