
जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा गुरुवार को राजधानी भोपाल में शपथ ग्रहण करेंगे। राजभवन में सुबह 10 बजे गरिमामय आयोजन में राज्यपाल मंगू भाई पटेल उन्हें शपथ दिलाएंगे। वे मप्र हाईकोर्ट के 29 वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
उल्लेखनीय है कि हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत के 23 मई 2025 को सेवानिवृत्त होने के बाद न्यायमूर्ति सचदेवा मप्र हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस के प्रभार पर थे। इससे पहले भी वे नौ जुलाई 2024 से 24 सितंबर 2024 तक एक्टिंग चीफ जस्टिस का दायित्व संभाल चुके हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह में जबलपुर के विधि जगत से जुड़ी कई हस्तियां शामिल होंगी। शपथ ग्रहण के बाद जस्टिस सचदेवा 18 जुलाई को मुख्यपीठ जबलपुर में पदभार ग्रहण करेंगे। सुबह 10.30 बजे से हाईकोर्ट के कोर्ट रूम नंबर-एक में उनका स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मप्र स्टेट बार काउंसिल मप्र हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, हाईकोर्ट के न्यायाधीश, अधिकारी व अधिवक्ता शामिल होंगे।
