ब्रिटेन की तारा मूर पर डोपिंग मामले में लगा चार साल का प्रतिबंध

लंदन, 16 जुलाई (वार्ता) खेल पंचाट ने ब्रिटेन की महिला टेनिस खिलाड़ी तारा मूर पर डोपिंग अपराध के लिए चार साल का प्रतिबंध लगाया है।

खेल पंचाट न्यायालय (कैस) ने अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) की अपील पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं के सेवन के लिए मूर को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। मूर पर चार साल का प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू होगा। लेकिन इसमें 19 महीने के मूर के अस्थायी रूप से निलंबन की सजा की कटौती की जाएगी। इस फैसले के बाद मूर अब 2028 सीजन की शुरुआत तक फिर से नहीं खेल पायेंगी।

ब्रिटेन की शीर्ष रैंकिंग वाली महिला युगल खिलाड़ी 32 वर्षीय मूर का कोलंबिया की राजधानी बोगोटा में एक टूर्नामेंट में नैंड्रोलोन और बोल्डेनोन के लिए परीक्षण पॉजिटिव पाया था। मूर को मई 2022 में अस्थायी रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया था। दिसंबर 2023 में एक स्वतंत्र न्यायाधिकरण ने अपने फैसले में उन्हें यह कहते हुए बरी कर दिया था कि दूषित मांस के कारण परीक्षण जांच पॉजिटिव रही और मूर की इसमें कोई गलती या लापरवाही नहीं थी।

कैस ने कहा, “वैज्ञानिक और कानूनी साक्ष्यों की समीक्षा के बाद, कैस पैनल के अधिकांश सदस्यों ने माना कि खिलाड़ी यह साबित करने में सफल नहीं रहीं कि उनके नमूने में नैंड्रोलोन की सांद्रता दूषित मांस के सेवन के अनुरूप थी।”

उन्होंने कहा, “पैनल ने निष्कर्ष निकाला कि मूर यह साबित करने में विफल रहीं कि एडीआरवी (डोपिंग रोधी नियम का उल्लंघन) जानबूझकर नहीं किया गया था। इसलिए आईटीआईए की अपील बरकरार रखी जाती है और स्वतंत्र न्यायाधिकरण द्वारा दिए गए फैसले को रद्द किया जाता है।”

आईटीआईए की मुख्य कार्यकारी अधिकारी करेन मूरहाउस ने कहा, “आईटीआईए के लिए, प्रत्येक मामले पर व्यक्तिगत तथ्यों और परिस्थितियों के अनुसार विचार किया जाता है। प्रथम दृष्टया निर्णय के विरुद्ध अपील करने के हमारे मानदंड उच्च हैं, और निर्णय को हल्के में नहीं लिया जाता है। इस मामले में, हमारी स्वतंत्र वैज्ञानिक सलाह यह थी कि खिलाड़ी ने अपने नमूने में मौजूद नैंड्रोलोन के उच्च स्तर के बारे में पर्याप्त रूप से स्पष्टीकरण नहीं दिया। आज का निर्णय इसी स्थिति के अनुरूप है।”

 

 

Next Post

जिंस बाजार में गेहूं, खाद्य तेल महंगे, दालों में उतार-चढ़ाव

Wed Jul 16 , 2025
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (वार्ता)। घरेलू जिंस बाजारों में बुधवार को गेहूं की कीमतों में तेजी रही। ज्यादातर खाद्य तेलों और गुड़-चीन के दाम भी बढ़े हैं जबकि दालों में मिलाजुला रुख रहा। मलेशिया के बुरसा मलेशिया में पाम ऑयल का अक्टूबर वायदा सात रिंगिट की टूटकर 4,217 रिंगिट प्रति […]

You May Like