न्यूजीलैड ने दक्षिण अफ्रीका को 21 रनों से हराया

हरारे 16 जुलाई (वार्ता) टिम रॉबिंसन (नाबाद 75) और बेवन जैकब्स (नाबाद 44) की शानदार पारियों के बाद जेकब डफी और मैट हेनरी (तीन-तीन विकेट) की दमदार गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने त्रिकोणीय श्रृंखला के दूसरे टी-20 मुकाबले में बुधवार को दक्षिण अफ्रीका को 21 रनों से हरा दिया ।

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए लुआन-द्रे प्रेटोरियस और रीजा हेंड्रिक्स की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 34 रन जोड़े। चौथे ओवर में मैट हेनरी ने लुआन-द्रे प्रेटोरियस 17 गेंदों में (27) को आउटकर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में जेकब डफी ने रूबिन हरमन (एक) को आउटकर पवेलियन भेज दिया। मिचेल सैंटनर ने रीजा हेंड्रिक्स (16) को बोल्ड कर दक्षिण अफ्रीका को तीसरा झटका दिया।

सेनुरन मुथुसामी सात रन बनाकर ईश सोढ़ी का शिकार बने। कप्तान रासी वान डेर डुसेन (छह) रनआउट हुये। इसके बाद 12वें ओवर में मैट हेनरी ने डेवाल्ड ब्रेविस को आउटकर न्यूजीलैंड को छठी सफलता दिलाई। डेवाल्ड ब्रेविस ने 18 गेंदों में तीन छक्के और एक चौका लगाते हुए (35) रनों की पारी खेली। 14वें ओवर की पहली गेंद पर सोढ़ी ने कॉर्बिन बॉश (आठ) को पगबाधा आउट किया। 18वें ओवर में जेबक डफी ने जॉर्ज लिंडे (30) को कॉन्वे के हाथों कैच आउट कराकर दक्षिण अफ्रीका को आठवां झटका दिया। इसक बाद वेन मफाका (शून्य) को डफी ने चलता कर दिया। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर मैट हेनरी ने गेराल्ड कोएत्जी (17) को आउट कर दक्षिण अफ्रीका की पारी का 152 के स्कोर पर अंत कर दिया।

न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने 3.2 ओवर में 34 रन देकर तीन विकेट लिये। जेकब डफी ने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके। ईश साेढ़ी ने दो और मिचेल सैंटनर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। टिम रॉबिंसन (नाबाद 75) और बेवन जैकब्स (नाबाद 44) रनों की पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने दूसरे टी-20 मुकाबले में निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 173 रन का स्कोर खड़ा किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने टिम सीफर्ट 16 गेंदों में (22) का विकेट तीसरे ही ओवर में गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये टिम रॉबिंसन ने पारी को संभाला। अगले ही ओवर में वेन मफाका ने डेवन कॉन्वे (नौ) को आउटकर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया। इसके बाद 10वें ओवर तक न्यूजीलैंड ने डैरिल मिचेल (पांच), मिचेल हे (दो) और जिमी नीशम (शून्य) के विकेट 70 रन के स्कोर पर गंवा दिये।

हालांकि इस दौरान टिम रॉबिंसन एक छोर थामे रहे। ऐसे सकंट के समय बल्लेबाजी के लिए आये बेवन जैकब्स ने रॉबिंसन के साथ मिलकर तेजी के साथ रन बटोरे और विकेट नहीं गिरने दिये। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 103 रनों की अविजित साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 ओवरों में 173 रन का स्कोर बनाया। टिम रॉबिंसन ने 57 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से (नाबाद 75) और बेवन जैकब्स ने 30 गेंदों में तीन छक्कों और एक चौके की बदौलत (नाबाद 44) रनों की पारी खेली।

दक्षिण अफ्रीका के लिए वेन मफाका ने दो विकेट लिये। लुंगी एन्गिडी, गेराल्ड कोएत्जी और एस मुथुसामी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

जडेजा इंग्लैंड में 1000 रन पूरे करने के करीब

Wed Jul 16 , 2025
लंदन, 16 जुलाई (वार्ता) दुनिया के नंबर एक आलराउंडर भारत के रवींद्र जडेजा इंग्लैंड में 1000 रन पूरा करने के करीब पहुंच गए हैं। जडेजा ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भारत की दूसरी पारी में नाबाद 61 रन बनाये लेकिन भारत यह मुकाबला 22 रन से […]

You May Like

मनोरंजन