
ब्यावरा/सुठालिया/कुरावर। जिले में हजारों की संख्या में बेसहारा गौवंश हाईवे, सडक़, चौराहों पर रहने को मजबूर है. आये दिन सडक़ दुर्घटनाओं में गौवंश की मौत हो रही है या वह गंभीर रुप से घायल हो रहे है. सोमवार को सुठालिया एवं कुरावर में हुई सडक़ दुर्घटना में दो गौवंश की मौत हो गई.
भले ही लाख दावे किए जा रहे है बावजूद आज हजारों की संख्या में बेसहारा गौवंश हाईवे, स्टेट हाईवे, सडक़, चौराहों पर रहने को मजबूर है. दिन में वाहन चालकों को यह नजर आ जाते है किंतु रात के अंधेरे में खतरा अधिक रहता है. आये दिन सडक़ दुर्घटनाओं में गौवंश की जान पर बन आ रही है.
बस की टक्कर से गाय की मौत
ऐसे ही एक घटनाक्रम में सोमवार की तडक़े सुठालिया में ब्यावरा रोड पर थाने के सामने एक यात्री बस ने गाय को टक्कर मार दी जिससे गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद चालक बस छोडक़र भाग गया.
बछड़े को टक्कर मारी, मौत
कुरावर संवाददाता के अनुसार नगर के मुख्य मार्ग पर एक चार पहिया वाहन ने बछड़े को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई. मेन मार्केट में खुशी दूध डेरी के समीप मौजूद एक बछड़े को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी जिससे बछड़े ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने वाहन को जप्त कर लिया है. नपं के वाहन द्वारा मृत बछड़े को ले जाकर उसका अंतिम संस्कार किया गया.
कंटेनर की टक्कर से 2 गाय मृत
एक अन्य घटनाक्रम में विगत दिवस रात्रि को राजगढ़ रोड पर पीपलबे आश्रम के समीप खिमाखेड़ी पेट्रोल पम्प के यहां तेज रफ्तार कंटेनर ने सडक़ पर बैठी गायों को टक्कर मार दी. दुर्घटना में एक गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि एक अन्य गाय ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.
