
भोपाल। रेलवे बोर्ड द्वारा यात्री सुविधा और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बड़े बदलाव लागू किए गए हैं. भोपाल मंडल में यह नई व्यवस्था दिनांक 15,16 जुलाई की मध्य रात्रि से लागू होगी, जिसके तहत ट्रेनों का प्रथम आरक्षण चार्ट अब उनके प्रस्थान समय से 08 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा, इसके अनुसार इमरजेंसी कोटे के आवेदन एक दिन पूर्व स्वीकार किये जायेंगे.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि पूर्व में यह चार्टिंग प्रक्रिया ट्रेन प्रस्थान से 04 घंटे पूर्व तैयार की जाती थी जो कि अब 8 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा. जिससे प्रतीक्षा सूची और आरएसी यात्रियों को अपनी बर्थ की स्थिति 08 घंटे पहले मालूम चल सकेगी. कटारिया ने बताया कि इस निर्णय का उद्देश्य यात्रा की योजना में सुधार लाना है ताकि यात्री टिकट कन्फर्मेशन की स्थिति समय रहते जान सकें. यह नवाचार यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि करेगा.
