
गुना। जिले के सिरसी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बमोरी डोंगरी में सोमवार सुबह भारी बारिश के चलते एक बड़ा हादसा हो गया। तडक़े करीब 6 बजे गांव के तालाब की मिट्टी से बनी पार अचानक तेज बहाव के साथ टूट गई, जिससे तालाब का पानी बेकाबू होकर आसपास के खेतों में फैल गया और जमकर तबाही मचाई। इस घटना से आसपास के आधा दर्जन गांवों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तालाब लगभग 30 से 40 बीघा क्षेत्र में फैला हुआ था, जिसकी पार कच्ची मिट्टी से बनी हुई थी। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण तालाब में पानी का स्तर काफी बढ़ गया था। सोमवार सुबह पार का एक हिस्सा दबाव नहीं झेल सका और तेज बहाव के साथ बह गया। देखते ही देखते पूरा पानी खेतों की ओर बहने लगा, जिससे खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गईं।
इस प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक असर ग्राम भोटूपुरा में देखने को मिला, जहां किसान बोवनी कर चुके थे और फसलें उगने लगी थीं। अचानक हुए जलभराव ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। भोटूपुरा के अलावा आस-पास के अन्य गांवों में भी खेतों में पानी भरने से फसल नुकसान की खबरें सामने आई हैं। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र नुकसान का सर्वे कराने और मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस आपदा से किसानों में भारी मायूसी और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तालाब की पार की मरम्मत की जाती, तो इतनी बड़ी तबाही रोकी जा सकती थी।
