सतना: शहर के मुख्तियार गंज स्थित अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास में रविवार दोपहर उस वक्त हडक़ंप मच गया जब एक छात्र ने फांसी लगाने का प्रयास किया। गंभीर हालत में 13 वर्षीय छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
छात्र का हाल जानने के लिए नवागत डीईओ ट्राईवल डॉ अरुण शुक्ला अस्पताल पहुंच गए। डीईओ ने कहा छात्र की हालत सामान्य है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वे छात्रावास का निरीक्षण करने के साथ ही छात्रों से चर्चा कर घटना की जानकारी लेंगे। इसी कड़ी में डीईओ ट्राइबल ने परिजन से छात्र के बारे में फीड बैक लिया। इस दौरान यह जानकारी सामने आई कि पूर्व में भी छात्र ने मझगवा छात्रावास से भागने का प्रयास किया था।
दो दिन पहले आया था छात्रावास
छात्रावास के वार्डन अतुल सिंह सोलंकी के अनुसार, परिजन छात्र को दो दिन पहले ही छात्रावास में छोडक़र गए थे। रविवार की सुबह छात्र रो रहा था। वार्डन ने उसकी परिजनों से बात भी कराई। इसके बावजूद वह मायूस था। दोपहर करीब ढाई बजे जब अन्य छात्र हॉल में कैरम खेल रहे थे, तब उसने तार से फांसी लगाने की कोशिश की।
