भोपाल:मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज विदेश यात्रा के लिए रवाना हुए। सीएम का दुबई यात्रा का आज पहला दिन रहेगा जहां वह प्रदेश की आर्थिक, सांस्कृतिक और वैश्विक पहचान को सशक्त बनाने के कार्यक्रमों से भरा रहेगा। प्रवासी भारतीयों, उद्योगपतियों और ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ से संवाद के साथ वे मध्यप्रदेश के नवाचार, निवेश और सांस्कृतिक क्षमताओं को दुनिया के सामने रखेंगे।
‘ब्रांड मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम से होगी शुरुआत
डॉ. यादव की दुबई यात्रा की शुरुआत प्रसिद्ध होटल अटलांटिस में आयोजित ‘ब्रांड मध्यप्रदेश’ कार्यक्रम से होगी। इस दौरान मध्यप्रदेश की उपलब्धियों, निवेश अवसरों और सांस्कृतिक पहचान पर आधारित प्रेरणादायक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। मुख्यमंत्री वहां प्रदर्शित थीम प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदेश की बदलती तस्वीर और क्षमताओं को प्रवासी भारतीयों के सामने प्रस्तुत करेंगे।
प्रवासी भारतीयों और ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ से संवाद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दुबई में रह रहे मध्यप्रदेश मूल के प्रवासी भारतीयों और ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ समूह के सदस्यों से सीधा संवाद करेंगे। इस अवसर पर वे प्रदेश में निवेश, आधारभूत संरचना, जनकल्याण योजनाओं और वैश्विक साझेदारी से जुड़ी नीतियों पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री प्रवासी भारतीयों को राज्य के विकास में भागीदारी के लिए आमंत्रित करेंगे।
भारतीय मूल के उद्योगपतियों से मुलाकात
दुबई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री भारतीय मूल के प्रमुख उद्योगपतियों एवं कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों से भेंट करेंगे। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा, टेक्सटाइल, ग्रीन हाइड्रोजन सहित अन्य क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। डॉ. यादव उन्हें प्रदेश में पारदर्शी नीति, आवश्यक अधोसंरचना और सरकार के सक्रिय सहयोग की जानकारी देंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में झलकेगी मध्यप्रदेश की विरासत
मुख्यमंत्री एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जिसमें मध्यप्रदेश की लोक कला, लोकनृत्य, गीत, बटिक प्रिंट और अन्य पारंपरिक प्रस्तुतियां होंगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रवासी भारतीयों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।
उद्योग प्रतिनिधियों के साथ निवेश संवाद
डॉ. यादव दुबई के विभिन्न उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश संवाद में शामिल होंगे। इस दौरान पीएम मित्र पार्क, लॉजिस्टिक्स हब, ग्रीन एनर्जी ज़ोन और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ जैसी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रदेश की उद्योग नीति में स्थायित्व और पारदर्शिता की विशेषताओं को भी सामने रखा जाएगा।
रात्रि भोज में उद्योगपतियों से करेंगे चर्चा
दुबई प्रवास के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा आयोजित रात्रि भोज में प्रमुख उद्योगपति, प्रवासी भारतीय और अन्य प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस अवसर पर वे मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं और सामाजिक सहभागिता को लेकर विशेष चर्चा करेंगे।
