दतिया में तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत

दतिया। जिले के इंदरगढ़ कस्बे में शनिवार को निर्माणाधीन तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई। चार बच्चियां खेलते-खेलते तालाब के किनारे पहुंचीं और नहाने के दौरान गहराई में चली गईं जिसमें तीन की मौत हो गई और एक की जान बच गई।

मृत बच्चियों की पहचान टीना आदिवासी (15), नताशा आदिवासी (10) और अरुणा आदिवासी (6) के रूप में हुई है। टीना और नताशा इंदरगढ़ के ग्वालियर रोड पेट्रोल पंप के पास रहने वाले विक्रम आदिवासी की बेटियां थी। वहीं, अरुणा, विक्रम के जीजा एकमजी आदिवासी की बेटी थी।

चारों बच्चियां घर से करीब 500 से 600 मीटर दूर स्थित दालमिल रोड पर निर्माणाधीन तालाब के पास खेलने गई थीं। बताया गया कि, खेलते-खेलते बच्चियां पानी में उतर गईं, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों बच्चियां डूबने लगीं। साथ गई एक रेशमा किसी तरह बच गई। गोताखोरों ने एक घंटे में तीनों शव बाहर निकाले। तालाब किनारे रो रही रेशमा को देखकर पास में रह रहे बल्लू बघेल ने उसे देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस ने मौके पर गोताखोरों की मदद ली। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। तीनों बच्चियों के शवों का इंदरगढ़ अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराकर, पुलिस की निगरानी में श्मशान घाट पर दफनाया गया।

यह परिवार हाल ही में सेवढ़ा से इंदरगढ़ आया था। मृतक बच्चियां आदिवासी समुदाय से थीं। उनके परिवार दो माह पहले दतिया जिले के सेवढ़ा चुंगी क्षेत्र से इंदरगढ़ में आकर बसे हैं। ये परिवार मजदूरी और फेरी का काम कर जीवन यापन कर रहे हैं। सेवढ़ा एसडीओपी अजय चनना ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और आगे की जांच की जा रही है।

*परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता*

सेवढ़ा एसडीएम अशोक अवस्थी ने बताया कि दुखद घटना में प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है। तीनों बच्चियों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। नगर परिषद के सीएमओ, इंजीनियर और ठेकेदार की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

अदालत के बाहर दो पक्षों में जूतम पैजार: भांजी लाठियां महिलाओं को भी नहीं बख्शा

Sat Jul 12 , 2025
सीहोर. जिला न्यायालय परिसर के बाहर आज दोपहर को कुछ लोगों के बीच में जमकर लाठियां चली है बताया गया है कि कोर्ट में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के सामने भी एक दूसरे पर लाठियां बरसाते रहे. मामले में कोतवाली पुलिस ने छह […]

You May Like