जबलपुर: जिले में खाद खरीदने के लिए पहले जिला प्रशासन द्वारा टोल फ्री नंबर जारी किया गया था, जिसमें कॉल करके किसान अपना टोकन बुक कर डबल लॉक वितरण केंद्र में जाकर खाद्य प्राप्त कर सकते हैं। उसके बाद अब जिला प्रशासन ने एक और शुरुआत करते हुए यह जारी किया है कि किसान तहसील और वरिष्ठ कृषि अधिकारी कार्यालय में पहुंचकर भी उर्वरक खरीदने का टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
जानकारी के अनुसार किसान अपनी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नम्बर पर कॉल करने के अतिरिक्त अब अपने क्षेत्र के तहसील कार्यालय या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से भी टोकन ले सकेंगे। उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम के मुताबिक टोल फ्री नम्बर के माध्यम से उर्वरक वितरण की व्यवस्था के साथ ही तहसील कार्यालय अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से उर्वरक के लिये टोकन प्रदान करने की यह व्यवस्था किसानों की सुविधा को देखते हुये कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर पुनः लागू की जा रही है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि टोल फ्री नम्बर 0761-181 पर फोन नहीं लगने तथा फोन लाइन व्यस्त रहने की किसानों से मिल रही शिकायतों को देखते हुये कलेक्टर दीपक सक्सेना ने इस व्यवस्था के साथ ही पूर्वानुसार अनुसार तहसील कार्यालय या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से भी किसानों को टोकन जारी करने के निर्देश दिये हैं। किसान अपने क्षेत्र के तहसील कार्यालय अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में उर्वरक की मांग हेतु आवश्यक दस्तावेज जमा कर टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
