
गुना जिले के मधुसूदनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बारोद में अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर विचरण कर रही करीब पांच से सात गायों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक दृश्य सुबह ग्रामीणों ने देखा, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह करीब 7 बजे भोपाल रोड पर जाम लगा दिया, जो दोपहर 1 बजे तक जारी रहा।
चक्काजाम के चलते भोपाल रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम विकास आनंद, एसडीओपी चौहान, तहसीलदार मधुसूदनगढ़ उदय सिंह जाट, बीसीएमओ परिषद वीरेंद्र चक्रवर्ती एवं थाना प्रभारी संदीप यादव सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
ग्रामीणों का कहना था कि आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है, और इस दुखद घटना ने सभी की आंखें खोल दी हैं। ग्रामीणों ने तत्काल गांव में गोशाला निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन के सामने अपना रोष जताया।
एसडीएम विकास आनंद ने मौके पर ही ग्राम पंचायत की शासकीय जमीन पर गोशाला निर्माण हेतु प्रस्तावित भूमि का सीमांकन कराने के निर्देश पटवारी को दिए। पटवारी द्वारा मौखिक रूप से सीमांकन कर भूमि चिन्हित की गई, जिससे ग्रामीणों को आश्वासन मिला कि शीघ्र ही गोशाला का निर्माण कार्य शुरू होगा।
करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत और अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।
