
कटनी। कटनी नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं, अमीरगंज स्थित काजी हाउस गौशाला में गायों की मौत व गौवंश की सुरक्षा में घोर लापरवाही, निर्माण कार्यों में अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय के समक्ष विशाल ‘महाघेराव’ कर उग्र प्रदर्शन किया।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन का संचालन प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ एवं जिलाध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने किया। हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने “चार साल कटनी शहर बदहाल” के नारे लगाते हुए भाजपा समर्थित नगर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
सांकेतिक विरोध: सूटकेस और मटका फोड़ प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध दर्ज कराते हुए नकली नोटों की गड्डियों से भरा सूटकेस नगर सरकार को सौंपा और भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी के गंभीर आरोप लगाए। वहीं, शहर में दोनों समय पानी सप्लाई की मांग को लेकर महिला कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर अपना आक्रोश जताया।
माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब कोई जिम्मेदार अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग के बीच नगर निगम के मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और परिसर के अंदर घुसकर धरने पर बैठ गए।
महाघेराव में उठे 16 प्रमुख मुद्दे
युवा कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपकर शहर की विभिन्न समस्याओं और कथित घोटालों की जांच की मांग की:
* काजी हाउस (अमीरगंज): गौवंश की सुरक्षा, भोजन, पानी, चिकित्सा एवं स्वच्छता व्यवस्था की तत्काल उच्चस्तरीय जांच।
* बदहाल सड़कें: गड्ढों से मुक्ति और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण।
* जल संकट: पर्याप्त जलापूर्ति और दोनों समय पानी देने की मांग।
* भूमि लेन-देन व अतिक्रमण (योजना 15, 6, 17): योजना क्र. 15 में अधिग्रहित भूमि मामले में भाजपा विधायक संजय पाठक एवं उनके परिजनों से जुड़े संदिग्ध भूमि लेन-देन की उच्चस्तरीय जांच, योजना क्र. 6 की 11,000 वर्गफुट आरक्षित भूमि से अतिक्रमण हटाने और योजना क्र. 17 के दोषियों पर FIR की मांग।
* सीवर व MSW प्रोजेक्ट: सीवर लाइन निर्माण में देरी और एमएसडब्ल्यू (कचरा प्रबंधन) कंपनी के टेंडर व वाहनों की खरीद की जांच।
* आवास व भूखंड वितरण: IHSDP योजना के तहत पात्र गरीबों को मकान आवंटन और योजना क्र. 2 के 132 हितग्राहियों को भूखंडों पर कब्जा दिलाना।
* अन्य मांगें: बंद सिटी बस सेवा पुनः शुरू करना, घोषित अंग्रेजी माध्यम स्कूल चालू करना, बजरंग कॉलोनी में झूलते बिजली तारों को सही करना, मल्टीलेवल पार्किंग व चौपाटी का अधूरा काम पूरा करना और आउटसोर्स कर्मचारियों के भुगतान की भौतिक जांच।
युवा कांग्रेस नेताओं के मुख्य वक्तव्य
* यश लखन घनघोरिया (प्रदेश अध्यक्ष): “टैक्स देने वाली जनता को सड़क, पानी, सफाई, सीवर और गौवंश की रक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पाना अधिकार है। भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”
* दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ (प्रदेश सचिव): “चार साल में कटनी बदहाल हो चुका है। MSW और सीवर प्रोजेक्ट भ्रष्टाचार का खुला उदाहरण हैं। एक तरफ निगम फंड की कमी का रोना रोता है, दूसरी तरफ बेशकीमती जमीनों पर अवैध कब्जे हैं। हम कानूनी लड़ाई भी लड़ेंगे।”
* मोहम्मद इसराइल (जिलाध्यक्ष):“महिलाओं द्वारा मटके फोड़ना और नकली नोटों का सूटकेस सौंपना जनता के चरम पर पहुंचे जनाक्रोश का प्रतीक है।”
* अजय खटिक (NSUI जिलाध्यक्ष): “शहर की समस्याओं से छात्र-युवा प्रभावित हैं। सिटी बस और अंग्रेजी माध्यम स्कूल तुरंत शुरू किए जाएं।”
* सौम्या राँधेलिया (राष्ट्रीय प्रवक्ता): “लोकतांत्रिक तरीके से उठाए गए इन सवालों का प्रशासन समयबद्ध जवाब दे और मूलभूत सुविधाएं बहाल करे।”
चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर थर्ड पार्टी टेक्निकल व फाइनेंशियल ऑडिट कराकर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी दिनों में उग्र चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
महाघेराव में पूर्व विधायक बसंत सिंह, जालिम यादव, राजा जगवानी, कमल पांडे, मौसूफ अहमद बिट्टू, सचिन गर्ग, शशांक गुप्ता, सूर्यकांत कुशवाहा, सुरेंद्र राणा, अनुराग दहिया सहित सैकड़ों वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
