संकल्प महाविद्यालय में सर्प मित्रों का सम्मान

अनूपपुर। वन्यजीव संरक्षण एवं जनहित में उत्कृष्ट कार्य कर रहे सर्प मित्रों का सम्मान समारोह संकल्प महाविद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम अनूपपुर कमलेश पुरी रहे, जिन्होंने अपने उद्बोधन में सर्प मित्रों की सेवा भावना और साहसिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इनका योगदान समाज और पर्यावरण के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। सम्मानित किए गए सर्प मित्रों में शशिधर अग्रवाल, छोटे लाल यादव, मनोज कुमार यादव, नवीन और धर्मेंद्र कुमार यादव शामिल रहे। इन सभी ने वर्षा ऋतु में सर्पदंश जैसी आपात स्थितियों में लोगों की सहायता करने और सांपों को सुरक्षित स्थानों पर छोड़ने जैसे सराहनीय कार्य किए हैं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत उद्बोधन से हुई। मुख्य वक्ता शशिधर अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सर्पों के व्यवहार, उनके महत्व और उनसे जुड़े भ्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सांप प्रायः हानिकारक नहीं होते हैं और इनके संरक्षण से पारिस्थितिक तंत्र संतुलित रहता है। विद्यार्थियों ने विषय में गहरी रुचि दिखाते हुए अनेक प्रश्न पूछे, जिनका समाधान भी मौके पर किया गया।

अन्य वक्ताओं ने भी सर्प मित्रों के साहसिक कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे ये लोग निस्वार्थ भाव से आमजन की मदद करते हैं और पर्यावरण की रक्षा में योगदान देते हैं। शशिधर अग्रवाल के अनुभव और सेवा भावना को विशेष रूप से सराहा गया। अपने संबोधन में एसडीएम कमलेश पुरी ने कहा कि इन सर्प मित्रों की कार्यशैली हमें यह सिखाती है कि निस्वार्थ सेवा, जागरूकता और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता आज के समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में एसडीएम कमलेश पुरी एवं महाविद्यालय संचालक अंकित शुक्ला ने सभी सर्प मित्रों को शॉल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया। श्री शुक्ला ने अपने आभार वक्तव्य में कहा कि संकल्प महाविद्यालय सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु सदैव तत्पर रहेगा। यह आयोजन न केवल वन्यजीवों के प्रति चेतना जगाने का कार्य करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि जब शिक्षा संस्थान और समाज मिलकर कदम उठाते हैं, तो एक सुरक्षित, जागरूक एवं संवेदनशील समाज का निर्माण संभव है।

Next Post

हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश को मिलकर करनी चाहिए यमुना की सफाई :शाह

Fri Jul 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 जुलाई (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां यमुना की सफाई से संबंधित एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और कहा कि यमुना में हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तीनों राज्यों से अपशिष्ट के साथ रसायन आ रहा है इसलिए तीनों राज्यों को […]

You May Like