
इंदौर। इंदौर के रेवती रेंज में 24 फरवरी को 19वीं अखिल भारतीय पुलिस शूटिंग (खेल) चैंपियनशिप–2025 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन सीमा सुरक्षा बल के केंद्रीय आयुध एवं युद्ध कौशल विद्यालय द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने किया।
पुलिस महानिदेशक ने आयोजन के लिए सीमा सुरक्षा बल एवं विद्यालय को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बलों के बीच अनुशासन, एकाग्रता, खेल भावना और पेशेवर दक्षता को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं और पुलिसिंग के समग्र विकास में खेल संस्कृति को महत्वपूर्ण बताया।
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, विभिन्न राज्य पुलिस इकाइयों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की टीमों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की, जिसमें सीमा सुरक्षा बल के ब्रास बैंड ने संगीत दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, 1,500 से अधिक बलकर्मी, उनके परिजन तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
यह चैंपियनशिप 24 फरवरी से 1 मार्च तक आयोजित होगी, जिसमें 600 से अधिक निशानेबाज 17 स्पर्धाओं में 204 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम और हथियार प्रदर्शनी भी आयोजन का आकर्षण रहे।
