
लॉर्ड्स में पहले दिन का खेल चोटिल खिलाड़ियों के नाम; पंत की चोट गंभीर नहीं, पर स्टोक्स की ग्रोइन इंजरी पर सस्पेंस; रूट शतक के करीब, इंग्लैंड 251/4।
लंदन, 11 जुलाई, 2025 (नवभारत): भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन दोनों टीमों को बड़े झटके लगे, जब भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स चोटिल हो गए। पहले दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 251 रन बना लिए थे, जिसमें जो रूट 99 और बेन स्टोक्स 39 रन बनाकर नाबाद थे। अब निगाहें दूसरे दिन के खेल पर टिकी हैं कि क्या दोनों खिलाड़ी अपनी-अपनी टीमों के लिए अहम भूमिका निभा पाएंगे।
भारतीय खेमे के लिए चिंता का विषय तब बना जब ऋषभ पंत को जसप्रीत बुमराह की एक तेज गेंद को रोकने की कोशिश में अपनी बाईं तर्जनी उंगली में चोट लग गई। पूर्व इंग्लिश कप्तान नासिर हुसैन ने कमेंट्री के दौरान बताया कि पंत की उंगली का नाखून फट गया है, जो काफी दर्दनाक है, लेकिन उंगली में कोई फ्रैक्चर नहीं है। चोटिल होने के बाद पंत को तुरंत फिजियो ने देखा और वह इलाज के लिए मैदान से बाहर चले गए, जिसके बाद ध्रुव जुरेल ने विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। बीसीसीआई ने भी एक बयान जारी कर पुष्टि की है कि पंत का इलाज चल रहा है और वे मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।
बेन स्टोक्स की ग्रोइन इंजरी चिंता का विषय, इंग्लैंड को उनकी फिटनेस की उम्मीद
वहीं, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स भी बल्लेबाजी के दौरान ग्रोइन (पेट के निचले हिस्से) में चोट से जूझते दिखे।
उन्हें मैदान पर ही चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी और बल्लेबाजी के दौरान रन लेने में भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, वह दिन का खेल खत्म होने तक जो रूट के साथ क्रीज पर डटे रहे। इंग्लैंड की टीम अपने कप्तान की फिटनेस को लेकर आशान्वित है। टीम के साथी ओली पोप ने स्टोक्स की चोट को लेकर उम्मीद जताई है कि यह गंभीर नहीं होगी और वह दूसरे दिन भी बल्लेबाजी जारी रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि “उम्मीद है कि वह कुछ जादू कर पाएंगे और मजबूती से वापसी करेंगे। मैंने उन्हें तब से नहीं देखा है, इसलिए उम्मीद है कि कुछ ज्यादा गंभीर नहीं है।” दोनों ही टीमों को अपने प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों की आगे की रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे टेस्ट मैच के शेष दिनों पर महत्वपूर्ण असर पड़ सकता है।
