![]()
इंदौर. सोशल मीडिया पर समुदाय विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक युवक को जूनी इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जिले के एक पदाधिकारी पर आपत्तिजनक कमेंट किया था, जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
घटना मंगलवार 8 जुलाई को शहर में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुई थी. इस कार्यक्रम में जिला संयोजक के वक्तव्य पर सूफियान अंसारी नामक युवक ने इंस्टाग्राम पर अपनी व्यक्तिगत आईडी से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. यह कमेंट न केवल आपत्तिजनक था, बल्कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से किया गया प्रतीत हुआ. डीसीपी जोन-4 ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में जूनी इंदौर थाना पुलिस ने तत्परता से मामला दर्ज किया. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आनंद यादव और सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम गठित की गई. एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए शहर से फरार हो गया था. साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर 10 जुलाई को उसे खजराना इलाके से गिरफ्तार किया. 21 वर्षीय गिरफ्तार आरोपी सूफियान अंसारी पिता शोएब अंसारी को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपने किए पर माफी मांगते हुए कहा, माफी मांगता हूं, भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी.
