पहली बारिश में ही बह गई 15 लाख की सड़क

अनूपपुर। जिले के जैतहरी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत वेंकटनगर में हाल ही में निर्मित हो रही कुटीघाट से मुक्तिधाम तक की ग्रेवल सड़क पहली ही बारिश में बह गई। लगभग 15 लाख रुपये की लागत से बन रही इस सड़क पर अब तक 4 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन तीन दिन की तेज बारिश में ही सड़क दो स्थानों से बह गई, जिससे उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य अभी अधूरा है और पहले ही बारिश में जिस तरह से सड़क बह गई, उससे निर्माण की गुणवत्ता पर गहरी आशंका खड़ी हो गई है। ग्रामीण परेशान और निराश हैं, क्योंकि यह मार्ग लंबे समय से उनकी जरूरत रहा है।

वर्षों पुरानी मांग, अब बना सवाल

कुटीघाट मंदिर से मुक्तिधाम तक सड़क निर्माण की मांग ग्रामीण कई वर्षों से करते आ रहे थे। मार्ग के अभाव में लोगों को शव यात्रा और अंतिम संस्कार में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी मांग को देखते हुए दिसंबर-जनवरी माह में ग्रेवल मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ी थी। लेकिन पहली ही बारिश में सड़क का बह जाना जनप्रतिनिधियों और निर्माण एजेंसी की लापरवाही को उजागर करता है।

15 लाख की लागत से बन रही यह सड़क यदि शुरूआती बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो इससे न केवल लोकधन की बर्बादी होती है बल्कि ग्रामीणों की विश्वसनीयता भी प्रशासन से टूटती है। अब ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाए और जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए।

Next Post

40 साल पुराना मार्केट दशकों से झेल रहा जल निकासी की समस्या

Wed Jul 9 , 2025
मंडला: नगर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक बस स्टैंड रोड स्थित न्यू मार्केट इन दिनों गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। मार्केट की दुकानों के नीचे बने तलघर में लगातार तीन फुट तक पानी भरने से व्यापारियों का सामान खराब हो रहा है और व्यापार भी […]

You May Like