
रतलाम। बाजार वसूली को लेकर फूटकर विक्रेताओं ने नगर निगम पहुंचकर अनेखा प्रदर्शन किया। विरोध करने वाले हाथों में केला, सब्जी लेकर बीच सडक़ पर गरबा करने लगे।
रतलाम नगर निगम की कर वसूली के विरोध में शहर के फल-सब्जी विक्रेताओं व फुटकर हाथ ठेला गाड़ी चालकों ने बुधवार को अनोखा प्रदर्शन किया। गांधीगिरी करते हुए नगर परिसर में देश भक्ति गीतों के साथ गरबा खेलते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। हाथों में फल लेकर डांस करते हुए नगर निगम की वसूली को गलत बताया। व्यापारियों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रभारी कमिश्नर अनिल भाना व अन्य अधिकारी आए और सभी को समझाने का प्रयास किया। लेकिन व्यापारी व्यापारी महापौर प्रहलाद पटेल से मिलना चाहते थे। कुछ देर में महापौर आए। सभी की बात सुनी। महापौर ने आश्वासन के बाद सभी रवाना हुए। वहीं शाम को एमआईसी बैठक लेकर महापौर ने राहत देने का निर्णय लिया।
एडवांस लिया जा रहा शुल्क
व्यापारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा पिछले तीन साल से फुटपाथ पर बैठकर सब्जी, फल-फ्रूट व फूड जोन वालों से कोई राशि नहीं ली जा रही थी। विगत दिनों एमआईसी में प्रस्ताव पास कर बाजार बैठक वसूली शुरू कर दी हैं। फूटकर व्यापारियों से एडवांस में रूपए लिए जा रहे है। 3 बाय 5 की जगह में बैठे व्यापारियों को छोड़ बाकी सभी के अलग-अलग रेट तय किए है, जिनमें 50, 100 व 200 रूपए तक की राशि शामिल हैं। इसी को लेकर विरोध किया गया।
