स्कूल बस चालक की लापरवाही से मासूम की मौत, जिस बस से उतरा, उसी ने कुचला

शुजालपुर।क्षेत्र के ग्राम चितोड़ा में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया, एक प्रायवेट स्कूल के बस चालक की लापरवाही के चलते 5 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई. यह बच्चा जिस स्कूल बस से उतरा, उसी के पहिए की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पिता की शिकायत पर पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद दुर्घटना का मामला दर्ज कर स्कूल बस को जप्त किया.

जानकारी के अनुसार पचोर रोड स्थित ग्राम चितौड़ा में सरस्वती शिशु मंदिर शुजालपुर सिटी की स्कूल बस क्रमांक एमपी 42 पीक्यू 603 से उतरते समय नर्सरी का छात्र कुणाल जाटव 5 वर्ष बस के पहिए की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. चितोडा निवासी संजय जाटव ने अपने जुड़वां बेटे कुनाल और सम्राट का गत सप्ताह ही सरस्वती विद्यालय की नर्सरी कक्षा में प्रवेश कराया था. दोनों जुड़वां भाई कुणाल व सम्राट स्कूल की बस से ही विद्यालय आना-जाना करते थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में कोई अटेंडर मौजूद नहीं था, स्कूल की छुट्टी के बाद जब बस ग्राम चितौड़ा पहुंची, तो सबसे पहले कुणाल का जुड़वां भाई सम्राट उतरा और जैसे ही कुणाल बस से नीचे उतर रहा था, तभी चालक ने बस आगे बढ़ा दी और मासूम पूरी तरह बस से नीचे नहीं उतर पाया और वह नीचे गिर गया तथा बस का पिछला पहिया उस पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

4 अगस्त को जन्मदिन था…

बताया जाता है कि जिस मासूम कुणाल की बस चालक की लापरवाही से मौत हुई उसका 4 अगस्त को जन्म दिन था. ग्रामीणों ने इस मामले में विद्यालय प्रबंधन की भी लापरवाही बताई. क्योंकि नियमानुसार स्कूल बस में चालक के साथ परिचालक भी होना चाहिए, लेकिन उक्त बस में परिचालक मौजूद नहीं था. यदि परिचालक होता, तो मासूम इस लापरवाही का शिकार नहीं होता.

इनका कहना है

घटना की जानकारी के बाद मर्ग कायम किया गया था और बच्चे के पिता की शिकायत पर दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया गया है. स्कूल बस को जब्त कर लिया है. चालक फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.

– प्रवीण कुमार पाठक, थाना प्रभारी, शुजालपुर सिटी

Next Post

नमो ड्रोन दीदी और डीबीटी पर राष्ट्रीय कार्यशाला संपन्न

Tue Jul 8 , 2025
नयी दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के नए ऑन लाइन संस्करण और नमो ड्रोन दीदी योजना को लागू करने को लेकर कृषि मंत्रालय की एक दिवसीय कार्यशाला आज यहां संपन्न हो गई। ड्रोन पोर्टल और डीबीटी पोर्टल के नए संस्करण को कामकाज में अधिक पारदर्शिता लाने के […]

You May Like

मनोरंजन