नयी दिल्ली, 08 जुलाई (वार्ता) प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के नए ऑन लाइन संस्करण और नमो ड्रोन दीदी योजना को लागू करने को लेकर कृषि मंत्रालय की एक दिवसीय कार्यशाला आज यहां संपन्न हो गई।
ड्रोन पोर्टल और डीबीटी पोर्टल के नए संस्करण को कामकाज में अधिक पारदर्शिता लाने के मकसद से बनाया गया है और इससे किसानों को मशीन खरीदने के लिए सब्सिडी मामले में सामने आई गड़बड़ियों को रोकने मे मदद मिलेगी ।
नमो ड्रोन दीदी योजना सरकार की फ्लैगशिप योजना है। इसका मकसद महिलाओं को उर्वरकों और कीटनाशकों के छिड़काव जैसे कामों के लिए ड्रोन उड़ाने की ट्रेनिंग देना है। नए विकसित ड्रोन पोर्टल को सभी राज्यों को उनकी राय के लिए पेश किया गया है।
इस कार्यशाला में केंद्रीकृत डीबीटी प्लेटफॉर्म संस्करण 2.0 और नए विकसित नमो ड्रोन दीदी पोर्टल का लाइव प्रदर्शन करके प्रतिभािगयों को इसके बारे में विस्तार से बताया गया।
इस कार्यक्रम में डीए एंड एफडब्ल्यू के सचिव डॉ. देवेश चतुर्वेदी, अपर सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मेहरदा और संयुक्त सचिव (एम एंड टी) श्रीमती एस रुक्मणी भी उपस्थित थीं। कार्यशाला में केंद्रीय मंत्रालयों, प्रमुख कृषि और ग्रामीण विकास विभागों और प्रमुख उर्वरक कंपनियों के अधिकारियों ने भाग लिया।
