नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद महिलाएं सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।
भाजपा सांसद एवं प्रवक्ता बांसुरी स्वराज ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पश्चिम बंगाल के एक निजी मेडिकल कॉलेज में दलित छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात मामले में प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान शर्मनाक और दकियानुसी है। उन्होंने कहा कि सुश्री बनर्जी मुख्यमंत्री होने के साथ ही प्रदेश की गृहमंत्री भी हैं, जिनका दायित्व प्रदेश की सुरक्षा का है। राज्य में महिलाएं, निर्भीक और सुरक्षित हों इसके लिए उनको प्रयास किया जाना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, इस गैंगरेप को सही साबित करते हुए कहती हैं कि महिलाओं को देर रात बाहर नहीं निकलना चाहिए।
सुश्री स्वराज ने कहा कि आपको याद होगा 2012 में पार्क स्ट्रीट में एक जघन्य बलात्कार केस हुआ था। तब प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि यह एक साजिश के तहत हुई घटना है, यानी पीड़ित ने घटना योजना बनाकर की है। उन्होंने कहा कि आपको प्रदेश में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप की घटना में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का वह बयान याद ही होगा, जिसमें वह कहती है कि प्यार में गड़बड़ी हो गई। इसी तरह एक अन्य बलात्कार की घटना में ममता बनर्जी ने इसे सीपीआईएम समर्थकों का षड्यंत्र बताया था।
भाजपा सांसद ने कहा कि संदेशखाली की महिलाओं के साथ टीएमसी के नेताओं द्वारा रेप किया गया, इस पर ममता बनर्जी ने कहा था कि कुछ नहीं हुआ है। सुश्री स्वराज ने कहा, ”मैं ममता बनर्जी से पूछना चाहती हूं कि आप लोग मां-माटी-मानुष का नारा लगाते हैं, आपके इस संवेदनहीन, कुशासन और दकियानूसी सोच के कारण मां, शर्मिंदा है, माटी, लहुलुहान है और मानुष, बेहाल है।”

