न्याय सत्याग्रह’ बना शक्ति प्रदर्शन का मंच: गुना से होकर निकले अशोकनगर जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता, गुना में कड़ी चेकिंग

गुना। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर मुंगावली थाने में दर्ज एफआईआर के विरोध में मंगलवार को अशोकनगर में आयोजित किए जा रहे ‘न्याय सत्याग्रह’ ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। यह आंदोलन अब एक सामान्य विरोध प्रदर्शन न रहकर कांग्रेस के बड़े नेताओं की मौजूदगी के चलते शक्ति प्रदर्शन का रूप ले चुका है। अशोकनगर की पुरानी कृषि उपज मंडी में होने जा रहे इस कार्यक्रम को लेकर जहां कांग्रेस ने पूरे प्रदेश से कार्यकर्ताओं को बुलाया है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। गुना जिले की सीमा से सटे पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग के कारण कार्यकर्ताओं और सुरक्षाबलों के बीच तनातनी का माहौल बन गया। पुलिस वाहनों के नंबर, उसमें सवार लोगों के नाम नोट कर रही है। साथ ही गाडिय़ों की डिग्गियां खुलवाकर डंडे या किसी भी आपत्तिजनक वस्तु की तलाशी ली जा रही है। इसी बीच जब नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौके से गुजरे तो उन्होंने पुलिसकर्मियों से सवालिया अंदाज़ में कहा— क्या हम बम, हथियार या मिसाइल लेकर जा रहे हैं? इस तरह परेशान क्यों किया जा रहा है? उनका यह कटाक्ष कुछ देर तक चर्चा का विषय बना रहा।

इस विरोध सभा में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक जयवर्धन सिंह के साथ कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मंच साझा करने वाले हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 12 से 15 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिनके आने-जाने और संभावित गिरफ्तारी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने करीब 40 बसें पहले से ही आरक्षित कर रखी हैं। इन बसों का इस्तेमाल आवश्यकता पडऩे पर आंदोलनकारियों को मुंगावली स्थित खुली जेल भेजने के लिए किया जाएगा। सभा स्थल को लेकर प्रशासन ने कई सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पुरानी कृषि उपज मंडी में प्रवेश के लिए केवल एक मुख्य द्वार खुला रखा गया है, जबकि शेष दो गेटों को बंद कर दिया गया है। आसपास के प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस तैनात कर दी गई है। शहर में हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। अशोकनगर ही नहीं, गुना जिले में भी पुलिस ने एहतियातन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय घटना को टाला जा सके। इस दौरान गुना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश देखने लायक है। बसों, ट्रैक्टरों और निजी वाहनों से अशोकनगर पहुंचते कार्यकर्ता नारेबाज़ी करते हुए सभा स्थल की ओर बढ़ रहे हैं।

Next Post

स्मार्ट मीटर पर गुना में उबाल: बिलों की बेतहाशा बढ़ोतरी से आक्रोश

Tue Jul 8 , 2025
गुना। जिले में बिजली उपभोक्ताओं के बीच लगातार बढ़ रहे आक्रोश ने मंगलवार को एक संगठित विरोध का रूप ले लिया जब ‘बिजली उपभोक्ता संगठन गुना’ ने सैकड़ों शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल प्रभाव से रोकने […]

You May Like