नयी दिल्ली, 04 जुलाई (वार्ता) सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा ने समृद्धि और बेहतर भविष्य के लिए सशक्त ढांचागत विकास को आवश्यक बताते हुए शुक्रवार को कहा कि देश में बुनियादी ढांचे का निर्माण सिर्फ लक्ष्य नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी भी है और सरकार इस दायित्व काे प्रभावी ढंग से निभा रही है।
श्री टमटा ने आज यहां आईआईटी दिल्ली, स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर और उद्योग भागीदारों के विशेषज्ञों के साथ संवाद किया जिसमें इस बात पर जोर दिया गया कि समृद्ध भविष्य के लिए बेहतर सड़कों का निर्माण आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन के तहत, देश को विकसित राष्ट्र बनाने में बुनियादी ढांचे की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि मंत्रालय केवल सड़कें ही नहीं बना रहा है, बल्कि ऐसे गलियारे भी विकसित कर रहा है जो औद्योगिक विकास, शहरी विस्तार, डिजिटल कनेक्टिविटी और नागरिक कल्याण के इंजन के रूप में काम करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान न केवल सड़क सुरक्षा समाधान बल्कि अग्रणी प्रौद्योगिकियों, उन्नत नियोजन रूपरेखाओं और कम लागत वाले उच्च प्रभाव के ऐसे डिजाइनों का भी प्रदर्शन किया गया जो भारत में सड़कों की कल्पना और निर्माण के तरीके को बदल सकते हैं।

